_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सड़क हादसे का रोंगटे खड़ा कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें अंध गति से दौड़ रही कार ने सड़क पर पैदल जा रहे 12 वर्षीय बालक को टक्कर मारी और हवा में उड़ा दिया। बालक के हाथ-पैर, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। वह अस्पताल में जिंदगी-मौत से लड़ रहा है। कार बीएसएफ जवान का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा चला रहा था। जब हादसा हुआ तो वह और उसके दोस्त टक्कर लगने से घायल बालक को सड़क पर तड़पता छोड़कर भाग गए।
यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएफ कॉलोनी की है। शनिवार दोपहर शाम 4.53 बजे बीएसएफ कॉलोनी में रहने वाला 12 वर्षीय प्रथम पुत्र विजय शर्मा अपने ममेरे भाई के साथ पैदल जा रहा था। दोनों भाई थोड़ी दूरी पर चल रहे थे। प्रथम पांचवीं का छात्र है। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में कार एमपी07 एइ 7664 सामने से आई। कार में चालक सहित 10 युवक बैठे हुए थे। कार ने सामने से प्रथम में टक्कर मारी। जिससे वह उछलकर दूर जा गिरा। कार एक घर के बाहर बाउंड्री से जा भिड़ी।
फिर कार चालक और इसमें सवार चालक के दोस्त बालक को तड़पता छोड़कर भाग गए। यहां लोगों की भीड़ जमा हुई। सभी मदद के लिए दौड़े और प्रथम की मां व मामा को सूचना दी। यह लोग उसे कान्हा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। उसे शरीर में इतनी चोट है कि वह ठीक से बोल नहीं पा रहा। महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। कार बीएसएफ जवान का 17 वर्षीय बेटा चला रहा था। वह आदित्यपुरम में रहता है। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। कार भी जब्त कर ली है।
प्रथम के मामा रवीश पांडे ने बताया कि बहन के साथ भांजा उसके घर ही रहता है। बहनोई सुमेरपुर गांव में रहते हैं। वहां खेती करते हैं। प्रथम यहीं रहकर पढ़ाई कर रहा है।
आरोपी का परिवार धमका रहा- राजीनामा कर लो: रवीश पांडे की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पिता सर्वेश शर्मा उसे धमका रहे हैं। राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहे हैं। कई परिचित और रिश्तेदारों को फोन किया है।
यह भी पढ़ें- Monsoon in Indore: इस दिन इंदौर में दस्तक देगा मानसून, तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का अलर्ट
इस मामले में आरोपी नाबालिग चालक से ज्यादा दोषी उसका परिवार है। आखिर उसे कार चलाने की अनुमति कैसे दे दी। इस तरह से पहले भी नाबालिग चालक लोगों को टक्कर मार चुके हैं। पुलिस ऐसे में जब तक परिजनों को आरोपी नहीं बनाएगी तब तक ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।
12 वर्षीय बालक को टक्कर मारने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया था। वह नाबालिग है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कार भी जब्त की है। - नागेंद्र सिंह सिकरवार, सीएसपी, महाराजपुरा सर्किल