
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: शहर के थाटीपुर स्थित दर्पण कॉलोनी में शनिवार रात करीब 11 बजे सनसनी फैल गई। जब एक के बाद एक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। यहां एक सिरफिरे युवक ने अपनी ही पत्नी की घर के अंदर गोलियों से भूनकर हत्या कर डाली।
छोटी-छोटी बात पर दंपत्ति के बीच रोज झगड़ा होता था। रोज की पारिवारिक कलह का खूनी अंत हुआ, जिसमें महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके पास से कट्टा भी मिल गया है, जिससे उसने एक के बाद एक पांच गोलियां अपनी पत्नी के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में उतार दीं।
मृतका का नाम रुचि तोमर है। उसकी शादी करीब 16 वर्ष पहले मुरैना के पोरसा निवासी सोनू तोमर से हुई थी। कई सालों से यह परिवार दर्पण कॉलोनी में ही रह रहा था।
सोनू की मां भी यहीं रहती थी। जिस समय दिल दहला देने वाली यह वारदात हुई, तब घर में सोनू और रुचि के बच्चे व सोनू की मां भी मौजूद थी। घटना के बाद एएसपी अनु बेनीवाल, थाना प्रभारी थाटीपुर विपेंद्र सिंह चौहान फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हो गया। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। यहां उससे पूछताछ चल रही है। घटनास्थल से पुलिस को चले हुए कारतूस भी मिले हैं।
सोनू और रुचि की बेटी 14 वर्ष की है। उससे छोटा बेटा है। बेटी सीमा (परिवर्तित नाम) इस वारदात की चश्मदीद है। खाना बनाने काे लेकर ही झगड़ा हुआ था। इसके बाद सोनू और रुचि कमरे के अंदर झगड़ रहे थे। कमरे के अंदर से बहुत शोर आ रहा था। बेटा-बेटी डरे सहमे दादी के पास चले गए।
अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा घर गूंज उठा। बेटी दौड़कर पहुंची तो कमरे के अंदर रुचि खून से लथपथ पड़ी थी, पिता के हाथ में कट्टा था। वह मां की लाश देखकर चीख पड़ी। आसपास के लोग भी आ गए। तब पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में फसलों और पशुओं पर एंटीबायोटिक्स का छिड़काव, इंसानों में 'रेजिस्टेंस' का बढ़ा खतरा
पारिवारिक कलह के दु:खद अंत में अब सोनू और रुचि के दोनों बच्चों के भविष्य पर भी संकट है। मां दुनिया छोड़ गई, मां की हत्या करने पर अब पिता जेल जाएगा। आसपास के लोग भी बच्चों को ढांढस बंधा रहे थे।
एक युवक द्वारा अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या की गई है। पारिवारिक कलह हत्या की वजह बनी। आरोपी हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ जारी है।
-धर्मवीर सिंह,एसएसपी