
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के कैंसर पहाड़ी स्थित महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के पास से अपहृत छात्रा ने थाने में अपनी मर्जी से जाने की बात से साफ इनकार किया है। छात्रा का कहना है कि जीतू तोमर उसका दोस्त था। दोस्ती को वह प्यार समझ बैठा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। अपहरण कर वह उसे लखनऊ ले गया। यहां होटल में उसने डराकर साथ बैठाया और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया। वह खुद ही बोलता रहा कि वह उसकी गर्लफ्रेंड है और अपनी मर्जी से आई है। उसने बोलने के लिए कहा था, लेकिन छात्रा ने कुछ नहीं बोला।
अब पुलिस छात्रा के कोर्ट के समक्ष धारा 164 के तहत कथन कराएगी। आरोपित पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ चल रही है। गुढ़ा-गुढ़ी का नाका क्षेत्र में रहने वाली 19 वर्षीय बीएएलएलबी छात्रा का बुधवार दोपहर अपहरण हो गया था। छात्रा का रिश्ते का मामा जीतू तोमर उसे अपहृत कर ले गया था। उसने अपने दोस्त चिराग गुर्जर की कार से अपहरण किया। पुलिस घटना के बाद से ही आरोपित की तलाश में लग गई थी और 12 टीमें पीछे लगी थीं। जिसके चलते 36 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपित को कानपुर हाईवे से पकड़ लिया।
वह छात्रा को साथ लेकर लखनऊ से इंदौर जा रही बस में सवार हुआ था। इसी दौरान उसकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस उस तक पहुंच गई। आरोपित ने पकड़े जाने से पहले दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किए थे। इसमें उसने छात्रा को साथ बैठाकर वीडियो बनाया था। देर रात पुलिस आरोपित जीतू तोमर और छात्रा को ग्वालियर लेकर पहुंची। कंपू थाने में जब महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्रा से बात की तो उसने बताया कि उसका अपहरण किया गया था। अब पुलिस कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।
पुलिस इस मामले में जीतू तोमर के मददगारों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। एक आरोपित चिराग गुर्जर पकड़ा जा चुका है और पुलिस अन्य मददगारों को भी चिन्हित कर रही है। थाना प्रभारी कंपू, अमर सिंह सिकरवार के अनुसार, थाने में छात्रा से महिला पुलिस अधिकारी ने बात की तो उसने कहा है कि आरोपित ने डराकर साथ बैठाया था। इस दौरान मोबाइल से वीडियो बनाया था और वह अपनी मर्जी से नहीं गई थी।