
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में विभागीय कार्यों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सड़कों के निर्माण कार्य, आवारा कुत्तों की शिकायतों, दूषित पेयजल, सीवर समस्याओं और संपत्तिकर वसूली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि शहर की 20 सड़कों के निर्माण का कार्यादेश काफी समय पहले जारी किया जा चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन सड़कों के निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है, उनका कार्य 15 दिनों के भीतर शुरू कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद भी निर्धारित समय में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
बैठक के दौरान आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों के समाधान में लापरवाही सामने आने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नोडल अधिकारी मदाखलत केशव चौहान और मदाखलत अधिकारी सतेंद्र भदौरिया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने बताया कि रेटिंग होने में 11 दिन शेष हैं, जबकि फरवरी माह की लगभग 2500 शिकायतें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा दूषित पेयजल और सीवर से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों का समाधान एक से दो दिनों के भीतर किया जाए।
बैठक में संपत्तिकर वसूली की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 14 मार्च को आयोजित लोक अदालत के दौरान अधिक से अधिक संपत्तिकर वसूली सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अब भवन अधिकारियों और क्षेत्रीय अधिकारियों को भी वसूली कार्य में लगाया जाए। यदि कोई बड़ा बकायादार टैक्स देने में आनाकानी करता है तो उसकी भवन अनुज्ञा की जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर तालाबंदी की कार्रवाई भी की जाए।
नगर निगम के अमले ने सोमवार को वार्ड 45 में एक लाख रुपये से अधिक के बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतीक गुप्ता सहित कई स्थानों पर टैक्स जमा न करने की स्थिति में आठ दुकानों पर ताला लगा दिया।
इसके अलावा होतम सिंह गुर्जर और विशाल गुर्जर के यहां कार्रवाई के दौरान कर जमा करने के लिए एक दिन का समय मांगा गया।
वार्ड 63 में पुरानी छावनी थाने के पीछे स्थित बकायादारों में पत्थर फड़ श्रीराम स्टोन पर 2,91,088 रुपये और पिंकी जिंदल पर 6,99,908 रुपये बकाया होने के कारण तालाबंदी की कार्रवाई की गई।
वहीं वार्ड 26 में 99 हजार रुपये का संपत्तिकर जमा नहीं करने पर संपत्ति स्वामी की संपत्ति पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई, जिसके बाद 40 हजार रुपये जमा किए गए।
इस समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, मुनीष सिकरवार, उपायुक्त मुकेश बंसल, उत्तम जखैनिया, रजनीश गुप्ता सहित क्षेत्रीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और कर संग्रहक उपस्थित रहे।