ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर प्रोफेसर ने फेंका पेट्रोल बम, हड़कंप के बाद खुफिया एजेंसियां अलर्ट
Gwalior Air Force Station: यह घटना मंगलवार रात की है। आरोपी मूल रूप से उप्र के वाराणसी स्थित धनापुर गांव का है। वह आंध्रप्रदेश के कॉलेज में असिस्टेंट ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 06 Aug 2026 09:58:24 AM (IST)Updated Date: Thu, 06 Aug 2026 09:58:58 AM (IST)
HighLights
- बियर की बोतलों में पेट्रोल भरकर गेट पर किया हमला
- आंध्रप्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर है वाराणसी का आरोपी
- पुलिस बोली-मानसिक रोगी है आरोपी, अस्पताल भेजा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अतिसंवेदनशील ग्वालियर के महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर सिरफिरे ने बियर की दो बोतलों में पेट्रोल भरकर आग लगाई और इन्हें गेट के पास फेंक दिया। इस इलाके में पेट्रोल बम गिरते ही वायुसेनाकर्मी अलर्ट हो गए। तुरंत ही सिरफिरे को पकड़ लिया गया।
निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है आरोपी
घटना के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो, डिफेंस इंटेलिजेंस सहित अन्य खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है- वह मानसिक रोगी है। इस संबंध में जांच भी कराई गई है। इसके चलते उसे मानसिक आरोग्यशाला भिजवा दिया गया है। यह भी सामने आया है कि वह आंध्रप्रदेश के तिरुवरु में स्थित निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है।
यह घटना मंगलवार रात की है। आरोपी मूल रूप से उप्र के वाराणसी स्थित धनापुर गांव का है। वह आंध्रप्रदेश के कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है। यहां तीन दिन का अवकाश लेकर आया था। दो अगस्त को अंडमान एक्सप्रेस से ट्रेन से ग्वालियर के लिए निकला था। तीन अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे ग्वालियर पहुंचा। ट्रेन से उतरने के बाद एक गेस्ट हाउस में किराये से कमरा लेकर रुका।
मानसिक बीमान होने के बावजूद प्रोफेसर?
यहां उसने बियर की बोतलें ली। कमरे में ही बोतल खाली की, फिर पेट्रोल पंप पर जाकर इनमें पेट्रोल भरवा लिया। फिर चार अगस्त को रात करीब नौ बजे अपने होटल से निकल गया। दो पेट्रोल बम बनाकर उसने गेट की तरफ फेंका। इसके बाद उसने यह हरकत की। अब यह बड़ा सवाल है कि जब वह मानसिक रूप से बीमार है तो इतने बड़े पद पर नौकरी कैसे कर रहा था।
पूछताछ में बदल रहा बयान- बोला एयरफोर्स स्टेशन में दिमाग हैक करने वाला सिस्टम
आरोपी से जब खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ की गई तो वह बयान बदल रहा है। वह बोला कि जब वह 2015 में मैनिट भोपाल से पीएचडी कर रहा था तो ग्वालियर के एक युवक से मुलाकात हुई थी। उसके व उसके परिवार द्वारा दिमाग हैक कर लिया गया। दिमाग हैक करने के बारे में बताया कि एयरफोर्स स्टेशन से हो रहा है। कभी जातिगत शोषण की बात बोलने लगा।
पीएचडी कर रहा था
आरोपी के बारे में बताया गया है कि वह नोएडा से एमसीए कर चुका है। इसके बाद एमटैक करने के लिए भोपाल आया था। यहां मैनिट से एमटेक किया। फिर पीएचडी का रजिस्ट्रेशन कराया, लेकिन बीच में ही छोड़ दी। मई से वह कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हो गया।
सिरफिरे युवक द्वारा बियर की बोतलों में पेट्रोल भरकर एयरफोर्स स्टेशन के गेट पर फेंके गए। उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में सामने आया है कि वह मानसिक रोगी है। उसे मानसिक आरोग्यशाला भेज दिया है। - नागेंद्र सिंह सिकरवार, सीएसपी, महाराजपुरा सर्किल