
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने सोमवार को विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के कुल 13 परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इनमें नई शिक्षा नीति के तहत आयोजित बीए और बीएससी आनर्स चौथे वर्ष की विभिन्न परीक्षाओं के साथ-साथ दो पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के दूसरे सेमेस्टर के परिणाम भी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय ने परिणाम ऑनलाइन जारी करते हुए विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में अंकसंवीक्षा या उत्तरपुस्तिका अवलोकन के लिए आवेदन करने की बात कही है। घोषित परिणामों में बीए आनर्स अंग्रेजी साहित्य, हिंदी साहित्य, अर्थशास्त्र और भूगोल, बीएससी आनर्स बॉटनी, केमिस्ट्री और जूलोजी चौथे वर्ष की नियमित, निजी तथा सप्लीमेंट्री (सेकंड चांस) परीक्षाएं शामिल हैं।
इसके अलावा पीजी डिप्लोमा इन म्यूजियोलोजी और पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग द्वितीय सेमेस्टर (सीबीसीएस) जून-2026 परीक्षा के परिणाम भी जारी किए गए हैं।
बीए आनर्स भूगोल चौथे वर्ष में एक विद्यार्थी ने प्रथम श्रेणी विद डिस्टिंक्शन प्राप्त की है। वहीं बीए हिंदी साहित्य, बीए अंग्रेजी साहित्य तथा बीएससी बॉटनी, केमिस्ट्री और जूलोजी के अधिकांश सफल विद्यार्थियों ने प्रथम और द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। हालांकि कई परीक्षाओं में सप्लीमेंट्री और असफल विद्यार्थियों की संख्या भी दर्ज की गई है।
पीजी डिप्लोमा इन म्यूजियोलोजी में चार विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी विद डिस्टिंक्शन हासिल की, जबकि एक विद्यार्थी का परिणाम विथहेल्ड रखा गया है। वहीं पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग में 13 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी विद डिस्टिंक्शन प्राप्त की है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम किसी कारणवश विथहेल्ड है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ छह माह के भीतर विश्वविद्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर अपना परिणाम घोषित करा सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
साथ ही विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका अवलोकन और अंकसंवीक्षा की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। जो परीक्षार्थी अपने प्राप्तांकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से सात दिनों के भीतर निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद तीन दिन तक 200 रुपये विशेष विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें- NEET UG 2026 एडमिशन अलर्ट, बिना पात्रता प्रमाण पत्र के पोर्टल पर नहीं दिखेंगी दिव्यांग कोटे की सीटें
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपना ऑनलाइन मार्क स्टेटमेंट विश्वविद्यालय के अधिकृत रिजल्ट पोर्टल पर जाकर देखने की बात भी कही है। साथ ही संबंधित महाविद्यालयों को भी परिणामों की जानकारी विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। परिणामों के साथ विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संशोधन की स्थिति में अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार ही प्रभावी होगा।