ग्वालियर में बेखौफ गुंडे: नाबालिग भाई-बहन पर फायरिंग के बाद पीड़ित परिवार को धमकाया, बीच-बचाव में DSP का फोड़ा सिर
आरोपी चंदन जाटव अवैध शराब का तस्कर है। वह पूरे इलाके में अवैध शराब बेचता है। पूर्व में उस पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई थी।
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 10:12:22 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 10:36:24 PM (IST)
HighLights
- पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव
- दिनदहाड़े की थी बेखौफ फायरिंग
- दहशत में परिवार, पुलिस से सुरक्षा की गुहार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजौली में नाबालिग भाई-बहन पर फायरिंग कर फरार हुए गुंडे के शराब तस्कर पिता और अन्य स्वजनों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इन लोगों ने घर की छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इस घटना में डीएसपी का सिर फोड़ दिया। पुलिस टीम में शामिल अन्य दो आरक्षक भी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
भाई-बहन का रास्ता रोक पीटा
बिजौली में 16 वर्षीय विक्रम राणा और उसकी बहन सीएम राइज स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान अभिषेक जाटव, विकास जाटव, लक्ष्मीकांत जाटव, मुकुल जाटव बाइक पर सवार होकर आए। इन लोगों ने विक्रम की मारपीट की। उसकी बहन को भी पीटा। फिर इन लोगों ने गोलियां चलाई। डीएसपी मनीष यादव के नेतृत्व में सिपाही नीरज यादव, अरुण पवैया, ब्रजेश कौरव आरोपितों को तलाश रहे थे। लक्ष्मीकांत जाटव की तलाश में बिजौली के जगनपुरा गांव पहुंचे।
यहां लक्ष्मीकांत, उसके पिता चंदन जाटव, मां अनीता जाटव मिल गए। चंदन घर के अंदर था, जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए पहुंची तो यह लोग अभद्रता करने लगे। पिता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी आरोपित छत पर चढ़ गए और पुलिस पार्टी पर पथराव कर दिया। डीएसपी के सिर में ईंट दे मारी। ब्रजेश और अरुण को भी पत्थर मारे, इन्हें चोट लगी है। पुलिस बल यहां से भागा, तब बच सके। इसके बाद अन्य थानों का भी फोर्स बुलाया गया। डीएसपी यादव के सिर में टांके आए हैं।
आरोपी पीछे के रास्ते से फरार
इन लोगों ने पुलिस पर हमला किया और इसी दौरान लक्ष्मीकांत जाटव पीछे के रास्ते से भाग निकला। पुलिस फोर्स कम था, इसलिए पीछा नहीं किया।
आरोपी का पिता बेचता है अवैध शराब
आरोपी चंदन जाटव अवैध शराब का तस्कर है। वह पूरे इलाके में अवैध शराब बेचता है। पूर्व में उस पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई थी। इसके चलते क्षेत्र छोड़ गया था। अब फिर से लौट आया और वह अवैध शराब बेचने लगा। इतना ही नहीं पुलिस पर हमले की दुस्साहसिक वारदात को भी अंजाम दिया।