अग्रवाल परिचय सम्मेलन में युवतियों का बदला रूझान... नौकरी का कोई भरोसा नहीं, इसलिए व्यापारी जीवनसाथी पसंद
हाथरस से आए युवक मोहित माहेश्वरी ने कहा कि हमें दहेज नहीं चाहिए, हमारे परिवार में मिल जुलकर रहे ऐसी जीवन संगिनी चाहिए। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 09:18:11 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 09:18:51 AM (IST)
विवाह के लिए मंच से परिचय देती युवती।HighLights
- ग्वालियर की तोरण वाटिका में परिचय सम्मेलन शुरू
- पहले दिन 205 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने दिया परिचय
- 30 सालों में जुड़ चुके हैं 10 हजार से अधिक रिश्ते
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अखिल भारतीय अग्रवाल परिचय सम्मेलन के दो दिवसीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आगाज तोरण वाटिका में पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राधाकिशन खेतान थे और कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने की। सम्मेलन के पहले दिन मंच से समाज के विवाह योग्य 205 युवक-युवतियों ने परिचय दिया। परिचय सम्मेलन में युवतियों का रूझान वाापारी जीवनसाथी के लिए देखने को मिला। एक युवती ने मंच से स्वयं का परिचय देते हुए कहा कि मुझे नौकरी का कोई भरोसा नहीं, इसलिए मैं व्यापारी जीवनसाथी चुनना पसंद करूंगी।
दहेज नहीं परिवार को जोड़कर रखने वाली जीवन संगिनी प्राथमिकता
हाथरस से आए युवक मोहित माहेश्वरी ने कहा कि हमें दहेज नहीं चाहिए, हमारे परिवार में मिल जुलकर रहे ऐसी जीवन संगिनी चाहिए, वीके अग्रवाल ने कहा कि मेरे बेटे का पुनर्विवाह हो जाए और घर में खुशी आ जाए। मेरी बहू का निधन हो गया है और एक साल का बच्चा है।
मंच पर परिचय नीलम शाह, विनीता तायल, बबीता अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, शशि गर्ग, पूनम अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, रेनू मंगल, साधना गोयल, प्रीति बिंदल ने कराया। कार्यक्रम में मुकेश सिंघल, अनिल गर्ग, वीपी मित्तल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
युवा व्यापार पर ध्यान केंद्रित करें : मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षित होने के बाद भी बड़ी संख्या में युवक बेरोजगार हैं, और आज उनके इसी कारण रिश्ते नहीं हो पा रहे हैं। शिक्षित युवकों को सरकारी नौकरियों की बजाय व्यापार की तरफ ध्यान केंद्रित करना चाहिए। ताकि दूसरों को नौकरी दे सकें। युवतियां भी अब व्यापारी जीवन साथी को पसंद कर रही हैं। विशिष्ठ अतिथि ने कहा कि लगातार समाज को जोड़ने का कार्य परिचय सम्मेलन के द्वारा किया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि 30 वर्षों में 10 हजार से भी ज्यादा रिश्ते कराकर परिचय सम्मेलन संस्था द्वारा समाज बंधुओं का सहयोग किया गया है। इसके साथ संस्था ने प्रदेश में नहीं अन्य प्रांतों परिचय सम्मेलन आयोजित कर वर-वधु के लिए योग्य जीवन साथी चुनने में मदद की है।