
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने भोपाल से वर्चुअली जुड़कर शनिवार को नगर निगम से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान विभाग के ENC प्रदीप मिश्रा ग्वालियर में बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि सड़कों को लेकर ग्वालियर की बहुत बदनामी होती है।
शनिवार को देर रात तक चली बैठक में नगरीय प्रशासन आयुक्त ने निर्देश दिए कि बैंक गारंटी अब ई-गारंटी ही मान्य की जाए, जबकि एक अप्रैल 2026 से नगर निगम ग्वालियर में ई-आफिस के माध्यम से ही कार्य हो। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी होने पर एजेंसियों और अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की होगी।
साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने और कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा गंदे पानी की शिकायतों को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी पानी की लाइनें खराब हैं, उनको बदलने के प्रस्ताव शासन को भेजें। साथ ही 125 बोरवेल बिजली कनेक्शन काटकर बंद करने के निर्देश दिए। लोगों को हर हाल में साफ पानी मुहैया कराया जाए।
इसके अलावा सीवर समस्या का भी तेजी से निराकरण कराया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला, अधीक्षण यंत्री जेपी पारा, कार्यपालन यंत्री संजीव गुप्ता, सुशील कटारे, आरके शुक्ला सहित संबंधित विभाग अधिकारी उपस्थित रहे।
संपत्तिकर, जलकर व राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान नगरीय प्रशासन आयुक्त ने निर्देश दिए कि मार्च माह में पूरे अमले को टैक्स वसूली में झोंक दें। जो काम न करे, उसकी कोई जरूरत नगर निगम को नहीं है। इसके अलावा वसूली के मामले में उन्होंने कहा कि टारगेट पूरा कराना इंजीनियरों की भी जिम्मेदारी है।
इसके अलावा उन्हें भी जिम्मेदारी दें और वसूली के काम में लगाएं। यदि वसूली में लापरवाही हुई, तो अनदेखी करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ईएनसी प्रदीप मिश्रा ने जनकार्य विभाग के इंजीनियरों को समझाया कि नगर विकास से जुड़े कार्य सीधे आमजन के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए इन कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
वहीं, नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने ईएनसी को निर्देश दिए हैं कि वे रविवार के दिन शहर में चल रहे निर्माण कार्यों और सड़कों का जायजा लें। इसकी एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार कर प्रस्तुत करें। ऐसे में रविवार को ईएनसी शहर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे।