
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। देश में सोने के दाम आसमान छू रहे हैं। हर रोज सोना नया रिकार्ड बना रहा है। ऐसे में शातिर ठगों ने भी इसे अपना हथियार बना लिया है। ग्वालियर के मुरार की रहने वाली महिला के साथ 16.92 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। महिला को सस्ता सोना दिलाने का लालच देकर ठगा गया।
ठग ने इंस्टाग्राम पर महिला से दोस्ती की, फिर चैटिंग होने लगी। उसने खुद को थाईलैंड में कारोबारी बताया और कहा- वह भारत आ रहा है। आते समय सोना ले आएगा, यहां सोना भारत की तुलना में काफी सस्ता है। महिला झांसे में आ गई। महिला ने पहले सस्ता सोना लाने फिर इसी ठग ने खुद के एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की खबर से महिला को फंसा लिया। महिला के साथ 16.92 लाख रुपये की ठगी हुई है। महिला ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। उसके बाद ई-जीरो एफआइआर दर्ज हुई।
मुरार थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाथीखाना की रहने वाली छाया पत्नी बृजमोहन यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोहित ठाकुर नाम के व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उसे फालो कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच बात होने लगी। रोहित ठाकुर ने खुद को थाईलैंड में कारोबारी बताया। 25 नवंबर से दोनों के बीच बात हो रही थी।
छाया से उसने कहा कि भारत में सोने के दाम आसमान छू रहे हैं, इसलिए थाईलैंड से वह उसे सस्ता सोना ला सकता है। महिला झांसे में आ गई। महिला ने करीब 10 लाख रुपये उसे ऑनलाइन भेज दिए। फिर महिला के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारी बोल रहा है। रोहित ठाकुर ने नंबर दिया है। उसका सोना वही ला रहा था, यहां चेकिंग में पकड़ा गया है। उसे छुड़ाने के एवज में कस्टम टैक्स देना होगा। छाया ने और रुपये भेज दिए। महिला ने 16.92 लाख रुपये भेजे। उसने जब दो लाख रुपये और मांगे तो ठगी का अहसास हुआ। महिला ने तुरंत इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ई-जीरो एफआइआर दर्ज हुई। मुरार पुलिस ने मूल एफआइआर दर्ज कर ली है।
अनु बेनीवाल, एएसपी ने कहा कि महिला को सस्ता सोना दिलाने का झांसा दिया गया। इंस्टाग्राम के जरिये ठग ने दोस्ती की थी। इसके बाद महिला के साथ ठगी हुई। एफआइआर दर्ज हो गई है। आइपी एड्रेस, मोबाइल नंबर और बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है।