
नवदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। जिले में मंगलवार का दिन किसान क्रांति आंदोलन के नाम रहा। किसान आंदोलन में जुड़े जिले और आसपास जिलों से आए करीब दस हजार से अधिक किसान सुबह 11 बजे से आंदोलन में शामिल होने किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर शहर पहुंचना शुरू हो गए। करीब एक हजार ट्रैक्टर लेकर किसान मंडी पहुंचे और महापड़ाव डाल दिया। मुख्य मांग एमएसपी सहित गेहूं और मूंग खरीदी को लेकर आ रही किसानों की समस्याओं को लेकर रही।
किसान आक्रोश मोर्चा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम ज्ञापन लिखा। किसान नेताओं ने संबोधित करते हुए साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मान ली जाती वह यहीं डटे रहेंगे। किसान साथ में राशन और बिस्तर लेकर भी पहुंचे। खंडवा रोड, इंदौर रोड, छीपानेर रोड, टिमरनी रोड, मनियाखेड़ी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्ग जो शहर से जुड़ते हैं उनमें सिर्फ ट्रैक्टर-ट्रैक्टर ही दिखे। किसानों ने ट्रैक्टरों पर तिरंगे बांध रखे थे।

किसानों ने नारेबाजी करते हुए शहर में प्रवेश किया और देखते ही देखते एक बड़ा आंदोलन शुरू हो गया। इस आंदोलन में हरदा सहित देवास, खंडवा, नर्मदापुरम जिले के साथ-साथ कुछ किसान राजस्थान राज्य से भी आए हुए थे। सभी ने एक साथ मिलकर किसान क्रांति आंदोलन को एक माह तक चलाने का आह्वान किया।

शहर में सैकड़ों ट्रैक्टर आता देख पुलिस ने चौराहों पर बेरिकेडिंग की। जगह-जगह पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात कर दिए गए। इसके अलावा मुख्य रूप से खंडवा बायपास स्थित संत रविदास चौक, इंदौर रोड स्थित हनुमान मंदिर चौराहा, छीपानेर रोड चौराहा तथा कलेक्ट्रेक्ट के सामने मंडी चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

कृषि उपज मंडी स्थित शेड में किसान क्रांति आंदोलन का महापड़ाव डाला गया। करीब दस हजार से अधिक किसान मौजूद थे। मंडी परिसर में भी किसानों के ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, कार सहित दो पहिया वाहन खड़ा करने के लिए अस्थायी पार्किंग बनाई गई। महापड़ाव को विभिन्न किसान नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि किसान के साथ हर सरकार ने मजाक किया है।
किसान के हाथ में सिर्फ फसल पैदा करना है, लेकिन भाव कोई और ही तय करता है। जितना शोषण किसान का हुआ है अन्य किसी का नहीं हुआ है। यही कारण है कि किसान आज भी बैंक और साहूकारों के कर्ज के तले दबा है। प्रदेश और केंद्र सरकार चाहे तो किसानों को लाभ पहुंचा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।

किसान क्रांति आंदोलन का ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री या देश के प्रधानमंत्री के नाम नहीं बल्कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम लिखा गया, जो महापड़ाव और इंटरनेट मीडिया पर खूर्च चर्चा में रहा। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अमेरिका के इशारे पर काम कर रही है। इसलिए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देने से कोई हल नहीं निकलेगा। इसलिए सीधे ड्रंप के नाम ज्ञापन लिखा गया ताकि वह किसानों को एमएसपी दिला सके।
यह भी पढ़ें- राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पत्नी सोनम को मिली जमानत, राजा के भाई विपिन ने की पुष्टि

हमारा देश कृषि प्रधान देश है और देश का प्रत्येक किसान कृषि संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है। हम किसानों द्वारा किया जा रहा किसान क्रांति आंदोलन पूर्णतः गैर राजनैतिक आंदोलन है। हम आंदोलन में इस ज्ञापन के माध्यम से शासन प्रशासन का ध्यान किसानों की निम्नलिखित प्रमुख एवं ज्वलंत मांगों की ओर आकर्षित करना चाहते हैं।