
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मास्टर प्लान के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए छावनी क्षेत्र में बाधक निर्माण तोड़ने की कार्रवाई शुक्रवार सुबह से शुरू हुई। सुबह से शाम तक चली कार्रवाई के दौरान निगम के दल ने जेसीबी और पोकलेन की मदद से करीब 130 मकान-दुकानों को तोड़ा।
पिलर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया
इस बीच एक निर्माण तोड़ते समय मकान का पिलर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं एक मकान की ऊपरी मंजिल पर जेसीबी का पंजा लगने से घर में रखी अलमारी टूट गई और उसमें रखे नोट नीचे गिरने लगे, जिन्हें निगमकर्मियों ने समेटा।
नगर निगम ने क्षेत्र के रहवासियों को पहले नोटिस देकर स्वयं निर्माण हटाने के लिए कहा था। हालांकि जब लोगों ने निर्माण नहीं हटाए तो शुक्रवार को कार्रवाई की गई।
छावनी चौराहे तक ट्रैफिक बंद
नगर निगम की कार्रवाई से पहले गुरुवार रात से ही क्षेत्रवासी अपने मकान और दुकानों से सामान समेटने में जुटे थे। सुबह सात बजे से निगम का अमला तैनात हो गया। दवा बाजार के आगे से छावनी चौराहे तक ट्रैफिक बंद कर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई।
छावनी क्षेत्र की इस सड़क को शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए मास्टर प्लान के अनुसार चौड़ा करना जरूरी माना जा रहा है। मास्टर प्लान में सड़क की चौड़ाई 80 फीट है, हालांकि नगर निगम इसकी चौड़ाई कम कर 60 फीट की सड़क बनाने पर सहमत हुआ है। रहवासियों के कहने पर यह बदलाव किया गया है। इसी चौड़ाई के अनुसार निर्माण हटाए जा रहे हैं।
चौड़ाई कम होने पर उठ रहे सवाल
छावनी की सड़क मास्टर प्लान में 80 फीट है। रहवासियों को राहत देने के लिए नगर निगम ने अब सड़क की चौड़ाई कम कर 60 फीट कर दी है। हालांकि इससे पहले ही निर्माण का टेंडर 80 फीट के अनुसार जारी किया जा चुका है।
इस बीच अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि यदि मास्टर प्लान से उलट चौड़ाई घटा दी गई तो आगे क्षेत्र में बने मकानों के नक्शे किस आधार पर पास किए जाएंगे। मास्टर प्लान में अभी संशोधन नहीं हुआ है। दूसरी ओर सवाल उठ रहे हैं कि क्षेत्र में सड़क के लिए मकान तोड़ने वाले लोगों को टीडीआर का लाभ किस अनुपात में दिया जाएगा।
निगम की ओर से इन सवालों का कोई जवाब नहीं
फिलहाल नगर निगम की ओर से इन सवालों का कोई जवाब नहीं मिला है। हाल ही में जिंसी सड़क की चौड़ाई भी घटाई गई है। हालांकि इससे पहले महूनाका-टोरी कॉर्नर, बियाबानी और बड़ा गणपति जैसी कई सड़कों में मास्टर प्लान की चौड़ाई से समझौता नहीं किया गया था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 1 से 12 जून तक होगी अग्निवीर ऑनलाइन परीक्षा, क्लर्क पदों के लिए पहली बार होगा ये टेस्ट; एडमिट कार्ड जारी