
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ स्थित प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन लेकर आग बुझाने के लिए फायरकर्मी पहुंचे। वहीं चंदननगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल भी घटनास्थल पर पहुंचे।
धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ में ड्यू ड्रॉप इरिगेशन के नाम से प्लास्टिक दाना फैक्ट्री है। मोहम्मद जावेद कुरैशी पिता अब्दुल गफ्फार इस फैक्ट्री का संचालक है। शनिवार सुबह 7 बजे कारखाने में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाना पड़ा हुआ था, जिसने तेजी से आग पकड़ ली और काला धुआं निकलने लगा।
आग इतनी भीषण थी कि दस किलोमीटर दूर तक कारखाने से निकलता धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। भीषण आग को बुझाने में दमकल विभाग की छह गाड़ियाें ने मशक्कत की। दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। वहीं पानी डालने में बाधा बन रहे फैक्ट्री के टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया। पानी कम पड़ने पर नगर निगम के अधिकारियों ने आसपास से पानी की व्यवस्था की। गांव के लोगों ने ट्यूबवेल से आग बुझाने के लिए पानी भिजवाया।
आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं मौके पर पहुंची चंदन नगर की पुलिस ने सुरक्षा कि दृष्टि से आसपास के इलाके को खाली करवाया। आग से फैक्ट्री में रखा सामान जल गया। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी अनुसार हादसे के समय फैक्ट्री में मजदूर नहीं थे। फैक्ट्री संचालक का कहना है कि आज अमावस्या होने की वजह से मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।