
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने इंदौर में कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। मंगलवार को दिनभर भंवरकुआं और गीता भवन क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। इस दौरान 13 कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलने पर प्रशासन ने सभी को सील कर दिया।
जांच के दौरान कई संस्थानों में विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले, लेकिन आग बुझाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं थे। प्रशासन ने पहले विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घर भेजा और इसके बाद संस्थानों में ताले लगा दिए। इनमें कुछ ऐसे संस्थान भी शामिल थे, जिन्हें कुछ महीने पहले सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी सुधार नहीं किया गया।
प्रदेश का एजुकेशन हब बन चुके इंदौर में बड़ी संख्या में छोटे-बड़े कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं। जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को फायर सेफ्टी को लेकर सघन जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई की शुरुआत भंवरकुआं क्षेत्र से हुई। एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में टीम रेजोनेंस कोचिंग संस्थान पहुंची। संस्थान को करीब तीन महीने पहले नोटिस देकर सुरक्षा कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद संस्थान को सील कर दिया गया।
इसी तरह रामानुजन कोचिंग संस्थान को भी पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं किए जाने पर कार्रवाई करते हुए उसे भी बंद कर दिया गया।
प्रशासन की कार्रवाई केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं रही। माखनवाला रसोई रेस्टोरेंट में फायर ऑडिट नहीं मिला। इसके अलावा जलती भट्टी के पास बड़ी मात्रा में कोयला रखा पाया गया। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मौके पर कार्रवाई की। बेसमेंट में संचालित अवैध ऑटो सेंटर को भी बंद कराया गया।
जांच के दौरान मेडिकोज करियर इंस्टीट्यूट का भवन जर्जर हालत में मिला। यहां फायर सेफ्टी उपकरण भी नहीं लगाए गए थे। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संस्थान को सील कर दिया।
जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार बड़े भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने पर अब तक 70 से अधिक भवनों को सील किया जा चुका है। शहर में पिछले दो साल से अग्नि सुरक्षा को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है।
संयुक्त टीम ने नालंदा परिसर, स्टडी आईएएस, माईंड कोचिंग क्लासेस, उड़ान करियर इंस्टीट्यूट, अड्डा, विनायक, स्टडी आईक्यू, इंस्पायर लाइब्रेरी, ईरा लाइब्रेरी, गुरुकुल क्लासेस, श्रीजी लाइब्रेरी, सारथी लाइब्रेरी, नुकलियम कोचिंग संस्थान, रामानुजन कोचिंग संस्थान, आयाम कोचिंग संस्थान, मक्खन वाला होटल, इकरथ कोचिंग संस्थान सहित अन्य परिसरों में कार्रवाई की।
फायर सेफ्टी नियमों का पालन सभी संस्थानों के लिए जरूरी है। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर संस्थान को सील किया जाएगा। जनसुरक्षा के लिए फायर सुरक्षा इंतजाम आवश्यक है।
- शिवम वर्मा, कलेक्टर