
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। मध्य पूर्व युद्ध और डालर में वृद्धि के कारण बुलियन मार्केट में कमजोरी बनी हुई है। बड़े निवेशक करंसी और क्रूड तेल में रुचि ले रहे हैं। बुलियन मार्केट में मुनाफावसूली की बिकवाली का दबाव बढ़ने से कीमतें लगातार नीचे जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार शाम तक कामेक्स पर सोना वायदा 43 डालर टूटकर 4641 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया।
वहीं चांदी वायदा 74 सेंट सुधरकर 71.58 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके बावजूद भारतीय बाजारों में सोने-चांदी की डिमांड कमजोर रहने से चांदी की कीमतों में गिरावट जारी रही।
शुक्रवार को इंदौर में चांदी चौरसा 2000 रुपये टूटकर 235000 रुपये प्रति किलो और सोना केडबरी 500 रुपये घटकर 150000 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। दूसरे दिन लगातार दाम टूटे हैं लेकिन घटे दामों पर भी खरीदारी फिलहाल रुचि नहीं ले रहे हैं।
ज्वेलर्स का कहना है कि यह सोना जिसे आमतौर पर एक सुरक्षित निवेश माना जाता है, फ़रवरी के आखिर में ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से ज़्यादातर समय उम्मीद से कमज़ोर प्रदर्शन कर रहा है।
इस हफ़्ते हुए नुकसान के चलते सोने की कीमत 5,000-5,200 डालर प्रति औंस की उस ट्रेडिंग रेंज से काफ़ी नीचे गिर गई, जो युद्ध की शुरुआत से बनी हुई थी।
सोने में सुरक्षित निवेश का प्रवाह डालर और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में आई तेज़ी के आगे फीका पड़ गया, क्योंकि बाज़ार इस संघर्ष के कारण बढ़ने वाली महंगाई को लेकर चिंतित थे।
इस हफ़्ते तेल की कीमतें उछलकर लगभग चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुँच गईं। तेल की कीमतों में आई इस तेज़ी के बाद दुनिया के कई बड़े केंद्रीय बैंकों ने ऊर्जा-जनित महंगाई को लेकर सावधानी बरतने के संकेत दिए।
रिज़र्व बैंक ऑफ़ ऑस्ट्रेलिया ने ब्याज दरें बढ़ा दीं, जबकि फ़ेडरल रिज़र्व, यूरोपीय सेंट्रल बैंक, स्विस नेशनल बैंक और बैंक ऑफ़ जापान इन सभी ने ब्याज दरें स्थिर रखीं और आने वाले महीनों में इनमें बहुत कम बदलाव होने की चेतावनी दी।
सोना वायदा 4641 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4734 डालर और नीचे में 4633 डालर प्रति औंस और चांदी 71.58 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 74.51 डालर और नीचे में 71.20 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
सोना केडबरी रवा नकद में 150000 सोना आरटीजीएस में 146100 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 134000 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। गुरुवार को सोना 150500 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 235000, चांदी आरटीजीएस 235000 चांदी टंच 235500 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2680 रु. प्रति नग बिका। गुरुवार को चांदी 237000 रु. पर बंद हुई थी।