
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: 13 वर्षीय मासूम का हत्यारा रेहान अब धीरे धीरे टूट रहा है। पहले वह पुलिस को गुमराह कर एक नाबालिग पर जुर्म ढोल रहा था। शनिवार रात उसने ताऊ की मदद से शव छुपाना और खून से सने कपड़े वाशिंग मशीन में धोना स्वीकार लिया। उसने यह भी बताया कि घटना के पहले गोगो पेपर में गांजा फूंका था। इसके बाद उसकी नियत खराब हो गई। पुलिस ने कोर्ट से तीन दिन की रिमांड मांगी है।
एमआईजी टीआई सी बी सिंह के अनुसार श्री देवी अपार्टमेंट (श्रीनगर मेन) निवासी 21 वर्षीय रेहान पुत्र अब्दुल शाकीर को रविवार को कोर्ट पेश कर रिमांड पर ले लिया है। रेहान शातिर किस्म का अपराधी है। उसने पुलिस को खुब गुमराह किया है।
दोपहर तक उसने खुद को बेगुनाह बताया और एक नाबालिग का नाम बताया। रात में सख्ती की तो टूट गया और परतें खोल दी। रेहान ने बताया वह गांजा पीता है। घटना के पहले भी गोगो पेपर में भरकर गांजा फूंका था। शाम करीब साढ़े सात बजे पार्किंग में ही टहल रहा था।
बच्चा मल्टी में रहने वाले दोस्त के पास जा रहा था। पूछा तो बोला मैं अपने दोस्त से मांझा लेने आया हूं। रेहान की नियत खराब हुई और बच्चे को मांझा देने की बात कहकर छत पर ले गया। कुछ देर उसने बातों में उलझाया और आपत्तिजनक हरकत करने लगा।
विरोध करने पर उसने बच्चे को पीटा। भागने लगा तो छत पर पड़ी सिमेंट की ईंट मार दी। बेहोश होते ही मांझा से गला कसा लेकिन मांझा टूट गया। इसके बाद उसने कपड़े सुखाने की नायलोन की रस्सी ली और बच्चे का गला घोंट डाला।
टीआई के अनुसार रेहान ने छत पर फैला खून भी धोया था। खुद के कपड़ों पर भी खून लगा था। जिसे बाद में उसने वाशिंग मशीन में धोकर साफ कर डाला। पुलिस ने कपड़े बरामद कर लिए है।टीआई के अनुसार नयापुरा में रहने वाले अब्दुल रफीक उर्फ राजा (पुत्र अब्दुल हक) का नाम मदद करने आया है। पुलिस ने राजा को आरोपित बनाया है। वह रेहान का ताऊ लगता है।
रेहान ने पूछताछ में बताया पहले खजराना में रहने वाले दोस्त को कॉल लगया था। उसके फोन न उठाने पर जरुरी काम का बोलकर राजा को बुलाया। राजा को पूरी घटना बताई और रोने लगा। उससे कहा लोग मुझे मार डालेंगे। राजा ने आते ही रेहान की पिटाई भी की। इसके बाद शव ठिकाने लगाने की साजिश की और दोनों ने कंबल में लपेट कर बच्चे का शव पलंग पेटी में रख दिया। राजा करीब साढ़े 11 बजे तक रेहान के साथ ही रहा था। रेहान की मां शहजादी कीचन में सो गई थी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बच्चे की हत्या : नाखून में लगे खून से पुलिस को हुआ शक, पलंग पेटी में लाश भरकर दादी को ऊपर सुला दिया था
टीआई के अनुसार आरोपी रेहान ने बताया वह बच्चे के बेहोश होने के बाद स्वजन से फिरौती वसूलना चाहता था। लेकिन बच्चे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी तरह तरह की बातें बता कर गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उसका परिवार भी आपराधिक प्रवृति का है। भाई रजा अहमद भी हत्या के आरोप में जेल में बंद है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस का मानना है कि राजा के पकड़े जाने पर भी मामले से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। राजा बार बार लोकेशन बदल रहा है। रात में गड़बड़ी पुलिया, सुदामा नगर, एरोड्रम की ओर घुम रहा था। इसके बाद देपालपुर जाकर उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।