
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार बैकलेन की सुंदरता और स्वच्छता के लिए 200 अंक निर्धारित किए गए हैं। स्वच्छता में हमारे शहर को चुनौती देने वाले शहर और इंदौर के बीच अंकों का अच्छा खासा अंतर सिर्फ इसलिए होता है कि क्योंकि स्वच्छता हमारे संस्कारों में है।
हम सिर्फ सड़कों को ही साफ-स्वच्छ नहीं रखते बल्कि बैकलेन की स्वच्छता और सुंदरता को लेकर भी सजग हैं। हम जानते हैं कि स्वच्छता में नंबर वन बनना भले ही आसान हो, लेकिन लगातार आठ वर्ष तक खुद को नंबर बन बनाए रखना आसान नहीं होता। इस वर्ष भी हमारे सामने चुनौती है एक बार फिर खुद को सिद्ध करने की। देशभर को बताने की कि इंदौरी जो ठान लेते हैं उसे हासिल करके ही छोड़ते हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण टीम मई के अंतिम सप्ताह में इंदौर पहुंचने की संभावना है। इंदौर में 4500 से ज्यादा बैकलेन हैं। नगर निगम नागरिकों की सहभागिता अब तक तीन हजार से ज्यादा बैकलेन को आदर्श बना चुका है। जो बैकलेन कभी गंदगी से अटी पड़ी रहती थीं, वहां अब खेल गतिविधियां हो रही हैं। बच्चे बैठकर पेंटिंग कर रहे हैं। पोहा पार्टी आयोजित हो रही है। यह सब कुछ हुआ है जनभागीदारी और जागरूकता से।
नगर निगम ने तीन हजार से ज्यादा बैकलेन को सुंदर तो बना लिया, लेकिन अब यह जनता की जिम्मेदारी है कि वह इन बैकलेन को सुंदर बनाए रखे। इन्हें स्वच्छ बनाए रखे। इनमें कचरा और गंदगी न डाले।
इंदौर आने वाली स्वच्छ सर्वेक्षण टीम सड़कों की स्वच्छता ही नहीं बल्कि बैकलेन की स्वच्छता की भी जांच करेगी। वह यह देखेगी कि कहीं नागरिकों ने इन बैकलेन में दोबारा कचरा और गंदगी डालना तो शुरू नहीं कर दिया। नगर निगम ने जिन बैकलेन को सुंदर बनाने का दावा किया है वे वास्तव में कितने सुंदर हैं। इनकी सुंदरता को बनाए रखने के लिए आमजन क्या प्रयास कर रहे हैं।
इंदौर को स्वच्छता में सिरमौर बनाए रखने के लिए बैकलेन की सुंदरता के 200 अंक प्राप्त करना हमारे लिए जरूरी है। जरूरी है कि हम बैकलेन में कचरा न फेंके, बैकलेन को सुंदर स्वच्छ बनाए रखें। निगम द्वारा बैकलेन में किए गए नवाचारों को बनाए रखें।
बैकलेन को सुंदर बनाए रखना जरूरी है। स्वच्छ सर्वेक्षण में इसके 200 अंक है। स्वच्छता को लेकर अन्य शहर भी अच्छे प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में हमारे लिए बैकलेन के पूरे अंक प्राप्त करना जरूरी है। -पुष्यमित्र भार्गव, महापौर इंदौर
स्वच्छ सर्वेक्षण सिटीजन फीडबैक: देश में उज्जैन 9 वें तो 11 वें नंबर पर इंदौर