
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : साइबर ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने आपरेशन मैट्रिक्स-2 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने खाता सप्लाई करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके बैंक आफ इंडिया की कस्तूरबा (तेजाजी नगर) शाखा के एक ही खाते के खिलाफ देश के 10 राज्यों में 26 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज मिली हैं।
एडिशनल डीसीपी(अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के आधार पर I4सी,एनसीआरपी और साइबर क्राइम पोर्टल पर इस खाते की पड़ताल की गई। बैंक से खाते की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने खाताधारक से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार तनिश ने स्वीकार किया कि खाते में आने वाली रकम का कुछ हिस्सा परिजनों के खातों में ट्रांसफर करता था, जबकि बाकी रकम एटीएम से निकालकर अन्य गिरोह में शामिल लोगों को उपलब्ध कराता था।
जांच में खाते से जुड़ी 26 शिकायतें मिली हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, बिहार, गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ी रकम इस खाते के जरिए ट्रांसफर होने के तथ्य मिले हैं।
पुलिस ने तनिश के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब खाते में हुए लेन-देन, एटीएम से निकाली गई रकम और रकम आगे किन लोगों तक पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगा रही है कि तनिश ने किन लोगों के कहने पर खाते का इस्तेमाल किया और रकम निकालकर किन लोगों को दी। पुलिस खाते से जुड़े अन्य व्यक्तियों और अंतरराज्यीय म्यूल अकाउंट नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में निवेश के नाम पर महिला लेक्चरर से 55 लाख की ठगी: स्काउट-गाइड अधिकारी समेत 5 लोगों पर FIR