
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। घर, दुकान या क्षेत्र की बिजली गुल होने पर शिकायत करने के बाद अब उपभोक्ता देख सकेंगे कि कौन सा लाइनमैन सुधार कर रहा है। उसकी लाइव लोकेशन क्या है और सुधार काम पूरा हुआ या नहीं। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने यह नई सुविधा बिजली उपभोक्ताओं को दी है। गणतंत्र दिवस के साथ ही इंदौर में इस सुविधा की शुरुआत कर दी गई है। इसे ट्रिपल एलटी नाम दिया गया है। किसी फूड या ऑनलाइन डिलीवरी करने वाले प्लेटफार्म की तर्ज पर इस सुविधा में बिजली उपभोक्ता अपने मोबाइल पर लाइनमैन की लाइव लोकेशन देख सकेंगे।
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी अनुप कुमार सिंह में 26 जनवरी को औपचारिक रूप से इस सेवा की शुरुआत कर दी। कंपनी के चीफ इंजीनियर कामेश श्रीवास्तव के अनुसार ट्रिपल एलटी सिस्टम का अर्थ है लाइनमैन लाइव लोकेशन ट्रेकिंग सिस्टम। इसके लिए बिजली कंपनी ने अपने उर्जस एप्लीकेशन को अपडेट किया है। उपभोक्ता को इसी उर्जस एप के जरिए गुल हुई बिजली की शिकायत करना होगी और उन्हें अपनी शिकायत पर हो रहे सुधार की पल-पल की जानकारी मिल सकेगी।
चीफ इंजीनियर कामेश श्रीवास्तव के अनुसार वर्षा काल की शुरुआत में शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मिली शिकायतों के बाद इस सिस्टम को तैयार करने का विचार आया। हमने फूड डिलीवरी एप को मॉडल बनाया। इसके बाद कंपनी के आईटी विभाग की टीमें इसमें जुट गई। प्रारंभिक परीक्षण के बाद अब इसे उपभोक्ताओं के लिए खोल दिया गया है। फिलहाल प्रथम चरण में इस सुविधा को सिर्फ इंदौर शहर में लागू किया गया है। शहर के किसी भी वितरण केंद्र से जुड़े उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। बाद में इसे इंदौर उज्जैन संभाग के तमाम वितरण केंद्रों में भी लागू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP Police Transfer: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 12 DSP बने ASP, गृह विभाग ने जारी की लिस्ट