
नईदुनिया प्रतनिधि, इंदौर। हनुमान जन्मोत्सव पर इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र में श्री वीर आलीजा सरकार की प्रभातफेरी निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में हनुमानजी के भक्त दर्शन करने पहुंचे और रैली में शामिल हुए। भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। प्रभातफेरी वीर बगीची से शुरू होकर गोराकुंड, नालिया बाखल और लोहार पट्टी होते हुए पुनः मंदिर पहुंची।
शहर के पश्चिम क्षेत्र के पंचकुइया स्थित वीर बगीची में हनुमान जन्मोत्सव का उल्लास देखते ही बन रहा है। पांच दिनी महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को प्राचीन आराधना स्थल हनुमान चालीसा के पाठ की ध्वनि के साथ ही भक्तों द्वारा किए गए दीपदान से जगमगाया। इस अवसर पर "अलीजा सरकार" की फूलों से की गई सजावट भी आकर्षण का केंद्र रही।
सतत जयघोष लगाए जा रहे थे। गादीपति ब्रह्मचारी पवनानंद महाराज ने बताया कि मंदिर परिसर को 500 किलो रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया। सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ किए गए। शाम होते ही दीपों की कतारों ने राहगीरों तक को भी अपनी ओर आकर्षित किया।

पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव महोत्सव सुबह से शुरू हो गया है। इसमें आज अखंड रामायण पाठ हो रहा है। शाम सात बजे पंचमुखी चिंताहरण हनुमानजी के विग्रह का अभिषेक किया जाएगा।
भक्तों को अभिमंत्रित कवच का वितरण भी किया जाएगा। मठ के पुजारी अमितदास महाराज ने बताया कि दो अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के मुख्य महोत्सव पर सुबह 6.30 बजे जन्मोत्सव आरती एवं शाम चार बजे अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति और हवन होगा।
सालासर बालाजी हरिराम बाबा मंदिर राधानगर में दो अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पं. श्याम शर्मा ने बताया कि अंगूर वाटिका सजाई जाएगी। साथ ही छप्पन भोग लगाया जाएगा। आरती सुबह छह बजे होगी।
जयहिंद नगर (बाणगंगा रोड) स्थित सार्वजनिक श्रीबाल हनुमान मंदिर में गुरुवार को सुबह छह बजे भगवान को गंगाजल से स्नान कराकर विशेष शृंगार किया जाएगा। शाम सात बजे से सुंदरकांड का पाठ, फिर भजन संध्या और भोजन प्रसादी होगी।