इंदौर के गांव में पकड़ी गई हाई-टेक ड्रग लैब, केमिकल और उपकरणों का जखीरा बरामद, सीबीएन ने मारा छापा
MP News: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) की टीम ने शनिवार को इंदौर जिले के महू थाना क्षेत्र के गांव थवलाय में छापामार कार्रवाई कर एक मकान से एमड ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 14 Feb 2026 09:48:23 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Feb 2026 09:48:23 PM (IST)
इंदौर के गांव में पकड़ी गई हाई-टेक ड्रग लैबHighLights
- गांव में एमडी ड्रग बनाने की लैब पकड़ी, केमिकल व उपकरण भी बरामद
- मंदसौर में पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर गांव में की कार्रवाई
- सुनसान इलाके के किराए के मकान में तैयार होता था ड्रग
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) की टीम ने शनिवार को इंदौर जिले के महू थाना क्षेत्र के गांव थवलाय में छापामार कार्रवाई कर एक मकान से एमडी ड्रग बनाने की लैब पकड़ी। यहां विभिन्न केमिकल और उपकरण भी मिले हैं। कार्रवाई शुक्रवार देर रात मंदसौर में आठ किलो एमडी ड्रग के साथ पकड़े गए दो आरोपितों की निशानदेही पर की गई।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात सेंट्रल ब्यूरो आफ नारकोटिक्स की मंदसौर-नीमच टीम ने मंदसौर में पटेल चौराहे पर बस रुकवाकर आठ किलो एमडी ड्रग के साथ दो आरोपितों को पकड़ा था। आरोपित बस से मंदसौर से नीमच की ओर जा रहे थे। इन आरोपितों ने पूछताछ के बाद शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे पांच कारों से सीबीएन की 20 से अधिक सदस्यों की टीम महू के थवलाय गांव के मुख्य मार्ग स्थित इस मकान पर पहुंची।
मकान कोदरिया में रहने वाले घनश्याम यादव का है। उसने मकान के एक हिस्से को किराए पर दिया हुआ था। टीम ने किराएदार के कमरे की तलाशी ली तो अलग-अलग तरह के केमिकल मिले। एमडी ड्रग बनाने की लैब भी मिली। घर को पूरी तरह सील कर दिया। टीम ने टेस्टिंग किट बुलाकर केमिकल की जांच की।
यह भी पढ़ें- बालाघाट में कोर्ट में 1.15 करोड़ जमा करने के बाद खुले आठ माह से बंद सीसीएफ और डीएफओ कार्यालय के ताले
सूत्रों के अनुसार, मकान में आरोपितों द्वारा अवैध रूप से लैब बनाकर एमडी ड्रग बनाई जाती थी। इसके बाद इसे विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता था। शुक्रवार को मंदसौर में पकड़ी गई एमडी ड्रग भी महू में ही बनाई गई थी। आरोपितों द्वारा इसे खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।
आरोपितों ने लैब सेटअप के लिए सुनसान क्षेत्र के मकान को चुना। मकान के आसपास सिर्फ खेत हैं। मकान में केवल आरोपित ही रहते थे। आरोपित कितने लंबे समय से लैब में ड्रग्स बना रहे थे, यह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है।