
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दूषित पानी से इंदौर के भागीरथपुरा में होने वाली मौत का आकड़ा लगातार बढ़ते जा रहा है। क्षेत्र गमनीय माहौल से बाहर नहीं निकल पा रहा है। शनिवार को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष और रिटायर्ड शिक्षक राजाराम बौरासी(75) को भर्ती किया था, रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। क्षेत्र में अभी भी गमनीय माहौल है, एक परिवार जैसे दुख से बाहर निकलता है, तभी दूसरे परिवार में मौत की सूचना आ जाती है।
क्षेत्र की ऐसी ही शायद कोई गली होगी, जहां दूषित पानी के कारण मौत नहीं हुई होगी। रोजाना भागीरथपुरा से अंतिम यात्रा निकलती है। रहवासियों ने बताया कि हमारे क्षेत्र में यह कैसी आपदा आ गई है हम समझ नहीं पा रहे हैं। क्षेत्र में रोजाना किसी ना किसी व्यक्ति की मौत की सूचना आ रही है। हमारे सामने जो व्यक्ति स्वस्थ थे, अचानक बीमार हुए और फिर उनकी मौत हो गई। हमारी यहीं मांग है कि हमें शुद्ध पानी मुहैया करवाए जाए। ताकि अब किसी की भी मौत दूषित पानी से ना हो।
स्वजन ने बताया कि राजाराम बौरासी को शुक्रवार को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। हालत बिगड़ने पर पहले स्थानीय डाक्टर को दिखाया गया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 2018-19 की एंजियोग्राफी रिपोर्ट के अनुसार राजाराम बौरासी हृदय रोग से पीड़ित थे। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या भी थी। उपलब्ध चिकित्सकीय दस्तावेजों में उल्टी-दस्त की पुष्टि नहीं होती है।
भागीरथपुरा में जबसे दूषित पानी के कारण लोग बीमार होने लगे, तभी से राजाराम बौरासी सक्रिय हो गए थे। क्षेत्र से बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना। डाक्टरों को बीमार लोगों के घरों तक पहुंचाने का काम भी कर रहे थे। जब उनकी अंतिम यात्रा निकली तो सभी लोगों की आंखों में आंसू आ गए। सभी यहीं चर्चा करते रहे कि एक दिन पहले ही हमने देखा था और आज अर्थी पर देख रहे हैं।
स्वजन ने बताया कि राजाराम बौरासी लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन विकास समिति और रेलवे पुलिस सुरक्षा समिति के सक्रिय सदस्य थे। बता दें कि दूषित पानी से बीमार 10 से अधिक मरीज अभी भी अस्पतालों में भर्ती है। इनमें से चार आईसीयू में हैं। वहीं दो मरीज वेंटीलेटर पर है, जिनकी हालत में खास सुधार नहीं हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा कि दूषित पानी पीने से कांग्रेस पार्टी में मेरे साथी, भागीरथपुरा में वार्ड अध्यक्ष राजाराम बौरासी का निधन हो गया। भाजपा सरकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार और अहंकार ने जहरीला पानी पिलाकर अब तक 28 निर्दोष लोगों की जान ले ली है। आखिर इन 28 लोगों का अपराध क्या था, जो आपकी सरकार ने इन्हें पानी में जहर दे दिया?
भागीरथपुरा में अब तक सुमित्रा देवी(50), अशोकलाल पंवार(70), गोमती रावत(50), उर्मिला यादव(69), जीवनलाल बरेडे(75), सीमा प्रजापत(35), संतोष बिगोलिया(72), अव्यान साहू( छह माह), श्रवण खुपराव(81), रामकली(47), नंदलाल(75), उमा कोरी(29), मंजूला (70), ताराबाई(60), हीरालाल(65), अरविंद लिखर(40), गीताबाई(60), हरकुंवर बाई(75), शंकर भाया(70), ओमप्रकाश शर्मा(69), कमलाबाई(59), सुनीता वर्मा(49), भगवानदास(64), सुभद्रा बाई(78), हेमंत गायकवाड़(51), विद्या बाई(82), बद्री प्रसाद(63), राजाराम बौरासी(75)।