
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर 24 मार्च को नवीनीकृत पुराने टर्मिनल भवन (टी-1) का लोकार्पण किया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। इस नए टर्मिनल के शुरू होने से एयरपोर्ट की कुल यात्री क्षमता बढ़कर सालाना लगभग 50 लाख तक पहुंच जाएगी, जिससे बढ़ता यात्री दबाव कम होगा। हालाकि उड़ानों का संचालन अभी नहीं होगा। सुरक्षा मापदंडों की जांच के बाद अनुमति मिलने तक इंतजार करना होगा।
इंदौर एयरपोर्ट पर पुराने टर्मिनल भवन का नवनिर्माण कार्य करीब दो साल पहले शुरू किया गया था, जो अब पूरा हो चुका है। मंत्री नायडू द्वारा इसका लोकार्पण अप्रैल में इंदौर आकर करने वाले थे, लेकिन अब वह 24 मार्च को वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। इस दिन देशभर में अन्य कई सुविधाओं की सौगात मिलने के साथ ही इंदौर में भी लोकार्पण होगा।
गुरुवार को सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। करीब 50 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार इस टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। यहां लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 14 चेक-इन काउंटर, आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र में आरक्षित लाउंज और दिव्यांगजनों के लिए विशेष चेक-इन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही 150 कारों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए टर्मिनल में 3 एक्स-रे मशीनें और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे जांच प्रक्रिया तेज और अधिक प्रभावी होगी। इससे संदिग्ध वस्तुओं की पहचान समय रहते संभव हो सकेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार का कहना है कि पुराने टर्मिनल का काम पूरा हो चुका है और लोकार्पण के बाद उडा़नों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा।
वर्तमान शेड्यूल के अनुसार टर्मिनल-1 से 16 छोटे विमानों का संचालन किया जाएगा। इसमें प्रतिदिन करीब 2739 यात्रियों का आवागमन होगा। इससे मुख्य टर्मिनल पर पीक समय के दौरान दबाव कम होगा और यात्रियों को अधिक सुगम अनुभव मिलेगा। नवनिर्मित पुराने टर्मिनल की यात्री क्षमता 10 लाख प्रतिवर्ष होगी। वर्तमान टर्मिनल की यात्री क्षमता 40 लाख प्रतिवर्ष है। 6000 स्केयर मीटर क्षेत्र में पुराना टर्मिनल संचालित होगा।
एयरपोर्ट पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इनमें उड़ान यात्री कैफे विशेष आकर्षण रहेगा। जहां किफायती दरों पर चाय 10 रुपए, समोसा और पोहा 20 रुपए तथा पानी की बोतल 10 रुपए में उपलब्ध होगी। इसके अलावा फ्री वाई-फाई, स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित ‘अवसर’ स्टाल और फर्स्ट फ्लोर पर फ्लाईब्रेरी जैसी सुविधाएं भी यात्रियों को मिलेंगी, जहां वे किताबें पढ़ या दान कर सकेंगे। वर्तमान टर्मिनल में 200 यात्रियों का वेटिंग एरिया भी शुरू होगा।
यह भी पढ़ें- MP Weather Alert: आज भोपाल-विदिशा समेत इन जिलों में होगी बारिश, गेहूं और लहसुन की खड़ी फसल पर संकट
पुराने टर्मिनल से उड़ानों का संचालन शुरू करने के लिए अभी तक विमानतल प्रबंधन को ब्यूरो ऑफ़ सिविल एविएशन सिक्योरिटीज ऑफ इंडिया (बीसीएएसआई) की मंजूरी नहीं मिली है। प्रबंधन ने इसके लिए आवेदन किया था और इसके तहत बीसीएएसआई की टीम ने निरीक्षण शुरू किया है। बीसीएएसआई से सुरक्षा मंजूरी मिलते ही यहां से उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। अन्य प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।