
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के बुधवार 28 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए मतदान सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा। शाम छह बजे तक मतदान किया जा सकेगा। एसोसिएशन के 2632 सदस्य मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर पांच-पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। जबकि सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। सहसचिव पद पर सीधा मुकाबला है। सिर्फ दो ही प्रत्याशी इस पद के लिए हैं। मतदान समाप्त होने के करीब एक घंटे बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। देर रात तक परिणाम घोषित हो जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी और पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता मनोज द्विवेदी ने बताया कि सुचारू मतदान के लिए इस बार हाई कोर्ट के बड़े गार्डन में मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां बनाए गए अस्थाई हाल में 40 बूथ बनाए गए हैं।
सिर्फ वे ही सदस्य मतदान में हिस्सा ले सकेंगे जिन्होंने एसोसिएशन के बकाया शुल्कों का भुगतान कर दिया है। मतदान केंद्र के बाहर भी एक विशेष टेबल लगाई जाएगी। यहां बकायादार सदस्य राशि जमा कर बकाया जमा कर सकेंगे।
हर बार की तरह इस बार भी मतदाताओं के लिए भोजन का इंतजाम किया गया है। भोजन में सदस्यों को पनीर की सब्जी, पुलाव, पूड़ी, दाल-चावल के साथ-साथ मूंग का हलवा परोसा जाएगा। द्विवेदी ने बताया कि इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए भोजन पास समाप्त कर दिया गया है। व्यवस्था ऐसी की गई है कि मतदान के बाद मतदाता सीधे भोजन कक्ष में पहुंचेंगे।
द्विवेदी ने बताया कि मतदान के करीब एक घंटे बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पारदर्शिता के लिए मतगणना हाल में सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। हाई कोर्ट परिसर में भी सदस्यों को मतगणना की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। रात करीब 11 बजे तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
द्विवेदी ने बताया कि मतदाताओं को दो मतपत्र दिए जाएंगे। एक पदाधिकारियों के लिए रहेगा तो दूसरी कार्यकारिणी सदस्यों के लिए। मतदाताओं को इन मतपत्रों को सील लगाने के बाद अलग-अलग पेटियों में डालना होगा।
सुबह 11 बजे मतदान शुरू होने से पहले 10.30 बजे हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की साधारण सभा होगी। इसमें कार्यकारिणी पिछले वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेगी। इसके तुरंत बाद सुबह 11 बजे मतदान शुरू हो जाएगा।
हर वर्ष मतदान का समय सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक रहता है, लेकिन इस वर्ष एलएलएम की परीक्षा के चलते इसमें बदलाव किया गया है। अब शाम 6 बजे तक कतार में खड़े सदस्य मतदान कर सकेंगे।
अध्यक्ष - मनीष यादव, गौरव श्रीवास्तव, गोविंदपाल सिंह सोनगरा, मनीष जैन, पवन जोशी
उपाध्यक्ष - अभिषेक तुगनावत, अपूर्वा शुक्ला, भावना साहू, धर्मेंद्र साहू, मधुसूदन यादव
सचिव - गोविंदराय पुरोहित, मनीष गड़कर, नीलेश मनोरे
सह सचिव - गजेंद्र शर्मा, अमित राज
कार्यकारिणी सदस्य के लिए - अमन मालवीय, आर्निक जैन, बालकृष्ण रायल, राहुल पांचाल, राश्मेंद्र सूर्यवंशी, शेखर यादव, तेजस जैन, उत्कर्ष देसाई