इंदौर मेट्रो का फाइनल काउंटडाउन... मालवीय नगर तक जल्द दौड़ेगी, अब बस NOC की बारी
सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर-2 से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो कॉरिडोर का CMRS द्वारा निरीक्षण गुरुवार को पूरा हो गया। चार दिन चले निरीक्षण में बायडक्ट, स्ट ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 09:37:10 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 09:37:10 PM (IST)
इंदौर मेट्रो का फाइनल काउंटडाउननईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर-2 से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो कॉरिडोर का कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) द्वारा निरीक्षण गुरुवार को पूरा हो गया। चार दिन चले निरीक्षण में बायडक्ट, स्टेशन से लेकर मेट्रो चलाकर सुरक्षा मापदंड की जांच की गई। अब सीएमआरएस से सुरक्षा प्रमाणपत्र (NOC) मिलने का इंतजार है। इसके जारी होते ही मेट्रो का संचालन शहर तक हो सकेगा। दरअसल, सीएमआरएस नीलाभ्र सेनगुप्ता ने अपने छह सदस्यों के दल के साथ मेट्रो का निरीक्षण 15 मार्च से शुरू किया था। विभिन्न चरणों में निरीक्षण प्रक्रिया चली, जो 18 मार्च को पूरी हो गई।
80 की स्पीड से हुआ ब्रेक टेस्ट: स्टेशनों का बारीकी से जायजा
सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहा तक मंगलवार को 80 की स्पीड से मेट्रो दौड़ाकर 'ब्रेक स्पीड टेस्ट' किया गया। गुरुवार को सीएमआरएस की टीम ने सुपर कॉरिडोर-3, सुपर कॉरिडोर-2, सुपर कॉरिडोर-1, भौंरासला चौराहा, एमआर-10 रोड, आईएसबीटी (ISBT), चंद्रगुप्त चौराहा, हीरानगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन, विजय नगर चौराहा और मालवीय नगर स्टेशनों का बारीकी से जायजा लिया। चार दिवसीय निरीक्षण के दौरान टीम ने मेट्रो ट्रेनों, ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, बिजली सप्लाई, कंट्रोल रूम, फायर सेफ्टी, लिफ्ट-एस्कलेटर और यात्री सुविधाओं की जांच की।
आपातकालीन बचाव व्यवस्था का परीक्षण और जल्द संचालन की उम्मीद
साथ ही ट्रेन के ट्रायल रन, ब्रेकिंग टेस्ट और आपातकालीन स्थिति में बचाव व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य का कहना है कि सीएमआरएस से सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलने के बाद मेट्रो सेवा जल्द शुरू की जा सकती है। इससे लोगों को तेज, सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।
17 किमी के रूट पर दौड़ने लगेगी मेट्रो
इंदौर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर गांधी नगर स्टेशन से स्टेशन नंबर-2 तक करीब छह किमी में पहले ही मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। अब स्टेशन नंबर-2 से रेडिसन चौराहा तक 11 किमी हिस्से में मेट्रो का निरीक्षण पूरा हो चुका है। सीएमआरएस की एनओसी जारी होते ही 17 किमी लंबे रूट पर मेट्रो का संचालन होने लगेगा। संभावना है कि इसी माह या अगले माह मेट्रो शहर तक चलने लगेगी।