इंदौर: मंत्री तुलसीराम सिलावट अपनी पार्टी के विधायक को कांग्रेस का समझ बोले- आरोप लगे तो सही ही होंगे
मंत्री भूलवश मालवीय को कांग्रेस पार्टी का विधायक समझ बैठे और कह दिया कि यह मामला कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी विषय है, जब आरोप लगे हैं तो सही ही होंगे। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 09 May 2026 12:16:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 12:30:09 PM (IST)
मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक चिंतामणि मालवीय। (फाइल फोटो)HighLights
- मंत्री सिलावट ने भूलवश अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ बयान दे दिया
- मीडियाकर्मियों ने मंत्री से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय पर लगे यौन शोषण के आरोपों पर सवाल पूछा था
- गलती समझ में आते ही मंत्री सिलावट ने अपना बयान बदल लिया और सवाल पूछने के तरीके को गलत बताया
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एक कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज हो गए, जब उन्होंने अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ बयान दे दिया। समीप बैठे नेता ने जब उन्हें उनकी भूल से अवगत कराया तो उन्हें अपनी गलती समझ में आई और वे अपना बयान बदलने लगे।
हुआ यूं कि शुक्रवार को हुई पार्टी की मासिक बैठक में शामिल होने आए मंत्री तुलसीराम सिलावट से मीडियाकर्मियों ने आलोट से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय पर लगे यौन शोषण के आरोपों पर सवाल पूछ लिया। इस पर वे भूलवश मालवीय को कांग्रेस पार्टी का विधायक समझ बैठे और उन्होंने कह दिया कि यह मामला कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी विषय है, जब आरोप लगे हैं तो सही ही होंगे। इस पर मंत्री तुलसी सिलावट के पास बैठे भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने मंत्री को उनकी भूल से अवगत कराया और बताया कि विधायक चिंतामणि मालवीय अपनी ही पार्टी भाजपा के हैं। अपनी भूल को समझते ही मंत्री सिलावट ने अपना बयान बदलते हुए कहा कि विधायक मालवीय पर लगे यौन शोषण के आरोपों की कोई बुनियाद नहीं है और वे झूठे हैं।
अपनी गलती समझ में आने के बाद मंत्री सिलावट ने मीडियाकर्मियों से कहा कि आपका सवाल पूछने का तरीका गलत है। अपनी गलती छिपाने के लिए मंत्री बोले कि विधायक चिंतामणि मालवीय पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनसे संबंधित सवालों का प्रस्तुतिकरण अलग है। आप लोग सवाल ही गलत तरीके से पूछ रहे हो। विधायक मालवीय पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे सरासर बेबुनियाद हैं।
विधायक चिंतामणि मालवीय पर लगे हैं ये आरोप
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने आलोट से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय पर एक महिला के यौन शोषण, उसके उत्पीड़न और उसकी जमीन पर कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा और कार्रवाई किए जाने की मांग की।
अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों के बाद भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय ने आरोपों को सरासर झूठा और राजनीतिक साजिश किया जाना बताया। इसके बाद विधायक चिंतामणि मालवीय ने रीना बौरासी को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भी भेजा था, लेकिन अब तक किसी तरह की कानूनी प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
पार्टी कार्यालय पर हुई भाजपा की मासिक बैठक में मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड, मधु वर्मा, मनोज पटेल, गोपीकृष्ण नेमा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता उपस्थिति थे।