.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गंगाधाम कॉलोनी में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित की तलाश जारी है। आरोपितों ने रुपये लूटने के लिए महिला को मारना स्वीकारा है। आरोपितों तक पहुंचने के लिए ढाई सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े। डीसीपी जोन-3 राजेश व्यास के अनुसार 23 जनवरी को 40 वर्षीय गायत्री पति सुनील धीमान का शव मिला था। गायत्री के हाथ-पैर बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। मूलतः छिंदवाड़ा निवासी गायत्री पति से अलग रहती थी और आईटी कंपनी (टीसीएस) में हाउस कीपिंग का काम करती थी।
पुलिस ने मंगलवार रात इस मामले में गंगाधाम कॉलोनी में रहने वाले अमित मौर्य और उसके भाई सुमित मौर्य को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपित अमित गडेकर निवासी वीणा नगर फरार है। डीसीपी के अनुसार आरोपित सुमित प्लंबर है और अमित ऑटो रिक्शा चलाता है। दोनों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। बच्चों की स्कूल की फीस भी जमा नहीं कर पाए थे। दोनों भाइयों को पता था कि गायत्री अकेली रहती है। वह ब्याज पर भी रुपयों का लेनदेन करती है। कुछ दिनों पूर्व गायत्री ने पीएफ का रुपया भी निकाला है। इस सूचना के बाद आरोपितों ने सात दिन रेकी की और गायत्री के आने-जाने, उठने, सोने की रेकी कर ली।
साथी अमित गड़ेकर के साथ साजिश की और महिला के घर में घुस गए। गायत्री द्वारा विरोध करने पर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर बांध कर सिलाई मशीन से बांध दिया। महिला का दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने बताया घर से सिर्फ एक-दो हजार रुपये ही मिले हैं। हालांकि पुलिस ने अभी कुछ भी बरामद नहीं किया है। एसीपी रुबिना मिजवानी के अनुसार आरोपितों ने सात दिन रेकी करने के बाद वारदात की। गायत्री सुबह पांच बजे उठ जाती थी। वह भजन सुनती थी। आरोपित दबे पैर घर में घुसे और गायत्री का मुंह दबा दिया। उसके शोर करने पर टीवी की आवाज तेज कर दी। पूरे घर की तलाशी ली मगर खास राशि नहीं मिली।
आरोपितों ने फिंगर प्रिंट से बचने के लिए दस्ताने पहने थे। मुंह पर नकाब लपेट लिया था। भागने के बाद आरोपितों ने कुछ जगहों के सीसीटीवी कैमरों को भी दूसरी तरफ घुमा दिया था। पुलिस करीब ढाई सौ स्थानों से फुटेज निकाले तो आरोपित कपड़े बदल कर भागते हुए नजर आए। एक स्थान पर ऑटो रिक्शा का फुटेज मिल गया और अमित व सुमित को चिन्हित कर लिया। लोकेशन से भी दोनों की गंगाधाम में उपस्थित होने की पुष्टि मिल गई। कॉल डिटेल से पता चला आरोपितों ने 24 बार आपस में कॉल लगाए हैं। मंगलवार को पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- MP में गणतंत्र दिवस पर छात्राओं ने गाया गांधीजी पर आपत्तिजनक गीत, प्रशासन ने शुरू की जांच