
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गुजरात में मेडिकेयर कंपनियों की डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का सपना दिखाकर मोटी रकम ऐंठने के मामले में क्राइम ब्रांच ने कंपनी के 74 वर्षीय डायरेक्टर मनोहरलाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि गुप्ता और उसके सहयोगियों ने गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप देने के नाम पर फरियादी से बड़ी रकम ली, लेकिन न डिस्ट्रीब्यूटरशिप दी और न ही मूल रकम वापस की। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी(अपराध) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक गुजरात के झालोद, जिला दाहोद निवासी कमलेश अग्रवाल ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी।
उसने बताया कि इंदौर की मेसर्स आइएचएल मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड और इन्फुटेक हेल्थकेयर लिमिटेड के डायरेक्टर आदित्य गुप्ता और मनोहरलाल गुप्ता ने गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप देने का प्रलोभन दिया। इसके एवज में कमलेश से दोनों कंपनियों के नाम पर 50-50 लाख रुपये, यानी कुल एक करोड़ रुपये जमा करवाए गए।
शिकायत के अनुसार जुलाई 2022 तक आरोपियों ने डिस्ट्रीब्यूटर मार्जिन मनी के नाम पर 28.50 लाख रुपये दिए। इसके बाद न तो मार्जिन मनी दी गई।
न व्यापार के लिए माल उपलब्ध कराया गया और न ही जमा मूल रकम लौटाई गई। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है। डीसीपी के अनुसार जांच में ठगी का आंकड़ा 2.14 करोड़ रुपये का निकला है।