
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर को बड़ी सौगात देते हुए पूर्वी रिंग रोड से रोबोट चौराहा तक 6 लेन फ्लाइओवर निर्माण की घोषणा की है। लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह फ्लाइओवर शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वैध करने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क एवं प्राइमरी और आंतरिक सीवर लाइन कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक लगभग 1400 मीटर लंबी लिंक रोड भी बनाई जाएगी, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। साथ ही अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक बनने वाली सड़क की लागत 13.26 करोड़ रुपये है, जबकि प्राइमरी एवं आंतरिक सीवर लाइन परियोजना पर करीब 2.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग 1.3 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी यह सड़क तैयार होने के बाद तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम एवेन्यू, महालक्ष्मी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गान से हुई
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गान से हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में मानसून! भोपाल-इंदौर समेत 36 जिलों में अलर्ट जारी, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं