
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पिछले दो दिनों से बादलों के कारण शहरवासियों को दोपहर में तीव्र गर्मी से राहत मिल रही है। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। इधर, मंगलवार सुबह बड़वानी व आसपास क्षेत्र में मौसम बदला। करीब 10 बजे तेज आंधी के साथ वर्षा शुरू हुई। वर्षा से मौसम में ठंडक घुल गई और गर्मी से राहत मिली।
वही न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ में एक ट्रफ के रुप में बना हुआ है। वही हरियाणा व उसके आसपास के हिस्सों में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है।
एक द्रोणिका हरियाणा से राजस्थान, गुजरात से पूर्वी अरब सागर तक जा रही है। वही पूर्वी मप्र पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से अभी अरब सागर से आ रही नमी के कारण इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सो में बादल छा रहे है। इंदौर में अगले दो दिन भी बादल छाएं रहेगे और अधिकत तापमान सामान्य से कम रहेगा। वही न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा।
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में
उज्जैन। शहर में सोमवार शाम मौसम अचानक बदला। तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, वहीं दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम को ठंडक महसूस हुई।
सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा, लेकिन शाम करीब 5 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
फ्रीगंज, दशहरा मैदान, लक्ष्मी नगर, सेठी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिनभर की तपिश के बाद शाम का मौसम सुहावना हो गया, जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के जीवाजी वेधशाला के अनुसार पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का अधिकतम तापमान 1 डिग्री घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री से गिरकर 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी के स्तर में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
सुबह के समय हवा में नमी 68 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 28 प्रतिशत पर पहुंच गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।