Indore Weather: इंदौर में हल्की बारिश से लुढ़का पारा, गर्मी के तेवर हुए नरम, रात के तापमान में भी 3 डिग्री की कमी
इंदौर में गुरुवार देर रात हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री कम रहा, जबकि रात का पारा भी तीन डिग्री ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 07:04:19 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 07:08:07 AM (IST)
इंदौर में हल्की बारिश से लुढ़का पाराHighLights
- हल्की बारिश से तापमान आया नीचे
- तापमान सामान्य से छह डिग्री कम
- रात में भी तीन डिग्री पारा लुढ़का
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गुरुवार देर रात हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। शुक्रवार सुबह से सूरज के तेवर नरम दिखे। दिनभर भले ही धूप निकली, लेकिन तेज हवाएं चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पानी गिरने से दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री कम रहा। जबकि रात का पारा भी तीन डिग्री लुढ़का। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक कई सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं, जिनका असर इंदौर और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है।
इंदौर में सालों बाद मार्च में बारिश
कई सालों बाद मार्च में बारिश हुई है। शुक्रवार को पश्चिम-उत्तरी पश्चिमी दिशा से हवा चली। दिनभर धूप रहने के साथ ही तेज हवाएं चली। बीते चौबीस घंटों में दिन का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे आया। अधिकतम तापमान 30.2 सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के मुताबिक एयरपोर्ट क्षेत्र में बीते चौबीस घंटे में 1.4 मिमी और रीगल क्षेत्र में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, राजस्थान होते हुए मध्य प्रदेश तक वातावरण में नमी बढ़ी है। हरियाणा और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और विभिन्न ट्रफ लाइनों के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 42 जिलों में बदला मौसम, कई जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि, तापमान में भारी गिरावट
इंदौर में बनी हुई है बारिश की संभावना
इन सिस्टम्स के चलते इंदौर में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर तेज हवा और बौछारें भी देखने को मिल सकती हैं। वे बताते है कि 22 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ और 26 मार्च के आसपास एक और सक्रिय सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इससे जिले में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है।