
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सोमवार को दिन में गर्मी व उमस ने शहरवासियों को परेशान किया। दोपहर में लोकल सिस्टम बनने के कारण बादल छाए और शहर के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की बौछारें पड़ी। कुछ समय के लिए मौसम सुहाना हुआ, लेकिन वर्षा थमने के बाद उमस का असर रहा।
सोमवार को सुबह से बादलों की सूरज के साथ आंख मिचौली जारी रही। दोपहर में शहर के अधिकांश हिस्सों में थोड़े समय के लिए वर्षा हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार को बादल छाएंगे और छुट-पुट वर्षा होने की संभावना है। दिन व रात का तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा।
सोमवार शाम 5.30 बजे तक एयरपोर्ट क्षेत्र में 3.2 मिमी व रीगल क्षेत्र में 1 मिमी वर्षा दर्ज हुई। शहर में आधे घंटे तक हुई वर्षा में कई कालोनियों में जलजमाव भी हुआ। महालक्ष्मी नगर सेक्टर ए में वर्षा जल निकासी न होने के कारण एक सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो गया। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ।
सोमवार को हुई वर्षा के कारण शहरवासियों को गर्मी से हल्की राहत मिली और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य था। वही न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इंदौर में जून माह में प्री मानसून सीजन में अब तक 58.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। ऐसे में इंदौर में इस प्री मानसून सीजन में 35 मिमी वर्षा कम हुई है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में गुजरात से मध्य अरब सागर तक द्रोणिका जा रही है। एक एक ऊपरी हवा का चक्रवात उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का घेरा दक्षिण हरियाणा के आसपास बना हुआ है। वही एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम पंजाब पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से इंदौर में 23 से 24 जून को गरज-चमक के साथ वर्षा होगी। 25 व 26 जून को वर्षा नहीं होगी। 27 जून के बाद हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में मानसून दक्षिण छत्तीसगढ़ में पहुंचा है। ऐसे में जून के अंतिम सप्ताह में ही मानसून के इंदौर पहुंचने की संभावना है।