
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग के इतिहास में पहली बार आइपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी हुई। नामी खिलाड़ियों के साथ ही नए खिलाड़ियों पर भी जमकर धनवर्षा हुई। समाचार लिखे जाने तक रेलवे से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले आशुतोष शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे।
उन्हें मालवा स्टालियंस फ्रेंचाइजी ने 15 लाख रुपये में खरीदा है। मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली मप्र लीग का यह तीसरा सत्र है। अब तक लीग में सात टीमें होती थीं, लेकिन इस बार तीन नई फ्रेंचाइजी के साथ कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के पिछले दो सत्र ग्वालियर में हुए, तीसरा सत्र इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। नीलामी प्रक्रिया का संचालन चारू शर्मा ने किया। इस दौरान एमपीसीए के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
आशुतोष शर्मा नीलामी में मध्य प्रदेश के बाहर से खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वे रेलवे के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन रेलवे की अपनी कोई लीग न होने से उन्हें मप्र लीग में खेलने की अनुमति दी गई। आशुतोष का बेसप्राइस तीन लाख रुपये था, लेकिन सभी टीमों में उन्हें खरीदने की होड़ दिखी। अंत में मालवा फ्रेंचाइजी ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर उन्हें हासिल किया। आशुतोष आइपीएल में दिल्ली कैपिटल्स से 3.80 करोड़ रुपये में जुड़े हैं।
आइपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) की कप्तानी संभालने वाले इंदौर के रजत पाटीदार से ज्यादा कीमत कई स्थानीय खिलाड़ियों को मिली। लीग में रजत पाटीदार को ग्वालियर चीतास टीम ने सात लाख रुपये में रिटेन किया है। नीलामी में मंगेश यादव (12.00 लाख रुपये), अनिकेत वर्मा (13.20 लाख रुपये), अक्षत रघुवंशी (13.80 लाख रुपये), शिवांग कुमार (13.00 लाख रुपये), माधव तिवारी (10.60 लाख रुपये), कुमार कार्तिकेय सिंह (10.20 लाख रुपये), पुनीत दाते (10.00 लाख रुपये) सहित कई खिलाड़ियों को रजत से ज्यादा कीमत मिली।
यह भी पढ़ें- FIR दर्ज कर चालान पेश करना ही भूल गई इंदौर पुलिस, हाई कोर्ट के नोटिस पर खुली नींद, 4 साल बाद जागा प्रशासन