एकतरफा प्यार , गुस्सा और इमोशनल ब्लैकमेल का खतरनाक अंजाम... इंदौर हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे
इंदौर के अंजनी नगर में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोस्त के नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने चाकू से हमला कर उसके भाई की हत्या कर दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 29 Jan 2026 03:41:33 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Jan 2026 03:41:33 AM (IST)
नंबर ब्लाक करने पर युवती के पिता को मैसेज कर रहा था सिरफिरा (AI Generated Image)HighLights
- नंबर ब्लॉक से नाराज युवक ने की हत्या
- दोस्त की जगह उसके भाई को बनाया निशाना
- आरोपी अस्पताल में, बयान देने में असमर्थ
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के अंजनी नगर में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोस्त विधि के भाई विधान की चाकू मारकर हत्या करने वाला वेदांत सोलंकी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मृतक की बहन विधि लखावत के बयान दर्ज कर लिए हैं।
अंजनी नगर में हुई वारदात
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के अनुसार बिजासन कॉलोनी (एरोड्रम) निवासी वेदांत सोलंकी ने सोमवार रात साठ फीट रोड स्थित अंजनी नगर में 19 वर्षीय विधान पुत्र धर्मेंद्र लखावत की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वेदांत गुस्से में दोस्त विधि की हत्या करने पहुंचा था।
मां पर हमला, फिर भाई को मारा चाकू
घटना के दौरान अचानक विधि की मां अनिता सामने आ गई, जिस पर वेदांत ने पहले हमला किया। इसके बाद उसने विधान के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डेढ़ साल पहले हुई थी दोस्ती
बुधवार को एडीसीपी जोन-1 मीना चौहान ने विधि के बयान दर्ज किए। विधि ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले एक ऑप्टिकल शॉप में नौकरी के दौरान उसकी वेदांत से दोस्ती हुई थी। दोनों साथ घूमने लगे, लेकिन धीरे-धीरे वेदांत का व्यवहार नियंत्रक और संदेहपूर्ण हो गया।
इमोशनल ब्लैकमेल और शिकायत
वेदांत ने विधि पर पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं और दोस्तों से बात करने पर आपत्ति जताने लगा। परेशान होकर विधि ने दूरी बनाई, लेकिन वेदांत ने माफी मांगकर दोबारा संपर्क शुरू किया। अंततः विधि ने उसका नंबर ब्लॉक कर 25 जनवरी को एरोड्रम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कार्रवाई से नाराज होकर किया हमला
एडीसीपी के अनुसार विधि कार्रवाई नहीं चाहती थी, केवल पीछा छुड़ाना चाहती थी। पुलिस ने वेदांत को समझाइश देकर माफीनामा लिखवाया। इससे वेदांत और भड़क गया और उसने विधि के पिता धर्मेंद्र को मैसेज भेजने शुरू कर दिए। 26 जनवरी को वह विधि की हत्या के इरादे से अंजनी नगर पहुंचा।
चैटिंग से प्रेम संबंध की पुष्टि
पुलिस ने मोबाइल फोन और चैटिंग जब्त कर ली है। दोनों की बातचीत से प्रेम संबंधों की पुष्टि हुई है। विधि के कथनों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।