MPPSC सहायक कुलसचिव परीक्षा... 12 पदों के लिए 12 हजार दावेदार; एक सीट पर एक हजार के बीच मुकाबला
प्रदेश के राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में सहायक कुलसचिव की भर्तियां होना है। इसके लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सहायक कुलसचिव 2025 की ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 09:11:29 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 09:11:29 PM (IST)
चार शहरों के 31 केंद्रों पर 17 मई को होगी परीक्षा।HighLights
- 12 सहायक कुलसचिव पद के लिए 12 हजार आवेदन
- चार शहरों के 31 केंद्रों पर 17 मई को होगी परीक्षा
- ओएमआर शीट और माइनस मार्किंग का रहेगा डर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेश के राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में सहायक कुलसचिव की भर्तियां होना है। इसके लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सहायक कुलसचिव 2025 की लिखित परीक्षा 17 मई को रखी है। महज 12 पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 12 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए लगभग एक हजार अभ्यर्थी मैदान में हैं। अधिकारियों के मुताबिक शैक्षणिक योग्यता में स्नातकोत्तर उत्तीर्ण होने से प्रत्येक स्ट्रीम के उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसके चलते पहली बार इतनी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
पदों का आरक्षण और आवेदन प्रक्रिया
आयोग (एमपीपीएससी) ने इस भर्ती की अधिसूचना 31 दिसंबर 2025 को जारी की थी, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से 12 पद रखे गए हैं। 12 में से 4 सामान्य वर्ग, 3 ओबीसी, 2 एससी, 2 एसटी और 1 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चली। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करना शुरू कर दिए हैं।
परीक्षा केंद्र और पद्धति
17 मई को इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में कुल 31 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। ऑफलाइन पद्धति से ओएमआर शीट पर परीक्षा करवाई जाएगी। दो पेपर रखे गए हैं और गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी।
यह भी पढ़ें- मंत्री विजय शाह की बढ़ेंगी मुश्किलें, सरकार को अब अभियोजन पर लेना ही होगा निर्णय, CM मोहन यादव लेंगे अंतिम निर्णय
अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश
आयोग ने उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना होगा। देर से आने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोग के ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि प्रत्येक केंद्र पर ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए जाएंगे, जो परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।