
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर नगर निगम सीमा में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी निर्माणाधीन स्थल पर कोई दुर्घटना होती है, तो इसके लिए संबंधित निर्माण एजेंसी (ठेकेदार) के साथ-साथ निगम के जिम्मेदार इंजीनियरों के खिलाफ भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से रात के समय चल रहे निर्माण कार्यों पर अधिक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण रात में दुर्घटनाओं की आशंका काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सभी निर्माण स्थलों पर रिफ्लेक्टिव सूचना बोर्ड, चेतावनी संकेत और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। ये उपाय इसलिए जरूरी हैं ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को दूर से ही निर्माण कार्य की जानकारी मिल सके और वे समय रहते सतर्क हो सकें।
समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था करने की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है, लेकिन कई स्थानों पर निगम के इंजीनियर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। निगमायुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही करार देते हुए कहा कि जोनल अधिकारी, सहायक यंत्री (AE) और सब-इंजीनियर यह सुनिश्चित करें कि सीवर, जलप्रदाय या अन्य कोई भी निर्माण कार्य पूरी तरह नियमानुसार और सुरक्षा मानकों के साथ संपन्न हो।
प्रत्येक निर्माण स्थल पर सुरक्षा के घेरे को मजबूत करने के लिए सुदृढ़ बेरीकेडिंग करना अब अनिवार्य होगा। निगमायुक्त ने आदेश दिए हैं कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड और चेतावनी संकेत स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाली निर्माण एजेंसियों और उनसे जुड़े अधिकारियों की अब समान जवाबदेही तय होगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर निगम की सख्त चेतावनी, लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं किया तो वेतन भी कटेगा और पद भी जाएगा, 3 अधिकारियों को नोटिस
निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्थान पर निरीक्षण के दौरान सुरक्षा संबंधी खामियां पाई जाती हैं, तो संबंधित एजेंसी और इंजीनियर के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सुरक्षा मानकों की यह सख्ती शहर के सभी वार्डों और जोन क्षेत्रों में लागू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।