
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर शहर के दिल राजवाड़ा के आसपास मंदिरों में आज जन्माष्टमी पर श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। शाम को इनकी संख्या और बढ़ जाएगी। यहां मटकी फोड़ का आयोजन भी होगा। ट्रैफिक पुलिस ने आज और कल शाम 5 बजे के बाद राजवाड़ा की तरफ आने वाले वाहनों की एंट्री बंद करने का फैसला किया है।
शनिवार को गोगा नवमी उत्सव है, ऐसे में इस दिन भी राजवाड़ा पर वाहनों की एंट्री बंद की गई है। राजवाड़ा के करीब बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर और यशोदा माता मंदिर है। ऐसे में कृष्ण जन्माष्टमी पर रात बारह बजे यहां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के जन्मोत्सव में शामिल होने पहुंचेंगे।
फ्रूट मार्केट से राजवाड़ा की ओर आने वाले रास्ते पर एंट्री बंद रहेगी। यहां लोग फ्रूट मार्केट में बनी पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल राजवाड़ा आ सकेंगे। जवाहर मार्ग पर गुरुद्वारे की ओर से राजवाड़ा की ओर आने वाले रास्ते पर भी एंट्री बंद रहेगी। इमामबाड़ा पर भी वाहनों को एंट्री को बंद किया गया है।
राजवाड़ा के आसपास मंदिरों में आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन पार्किंग में रखकर पैदल मंदिर तक आ सकेंगे। देर रात तक यहां भीड़ बढ़ने की संभावना है, इसकी वजह से यह निर्णय लिया गया है।
शाम पांच बजे के बाद राजवाड़ा से मिलने वाली सिटी बसें संजय सेतू से मिलेंगी। वहीं हरसिद्धी की ओर से आने वाली बसें हरसिद्धी मंदिर के पास चौराहे से ही चलेंगी। दोपहर के बाद राजवाड़ा भी सभी कमर्शियल वाहनों को एंट्री नहीं दी जाएगी।
यहां पार्क करें वाहन
इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। 7049107620 पर ट्रैफिक संबंधी समस्या पर लोग कॉल कर जानकारी ले सकते है। इसके साथ ही इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल एप पर भी जानकारी लेने के साथ शिकायत भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 'इंदौर की मेहमाननवाजी का कोई जवाब नहीं', विदेशी मेहमानों ने राजवाड़ा घूमकर की जमकर तारीफ