
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इजराइल-ईरान युद्ध के बाद से ही ईंधन संकट को लेकर लगातार अफवाह फैल रही है। मंगलवार को भी पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने के बाद देर रात शहर के पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए कतारें लग गई। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचने लगे।
हालत यह हो गई कि कई पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें सड़क तक लग गई। जबकि शहर के सभी पंपों पर सुबह से सामान्य रूप से पेट्रोल-डीजल का वितरण हो रहा था। प्रशासन का कहना है कि सभी डीपों में पर्याप्त पेट्रोल-डीजल मौजूद है। लोग अफवाह पर ध्यान देकर बेवजह ईंधन संग्रहण नहीं करें।

देश के कई शहरों से शुरू हुआ पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहों का दौर रात होते-होते इंदौर भी पहुंच गया। इसके बाद लोग अपने वाहनों में ईंधन डलवाने के लिए पंपों की तरफ दौड़े। इससे गीता भवन और अन्य पंपों पर लंबी कतारें लग गई।

सड़क तक कतारें देखकर राह से गुजरने वाले वाहन चालक भी ईंधन भरवाने के लिए रुक गए। इससे कतारें सड़कों तक लग गई। अचानक भीड़ बढ़ने के बाद प्रशासन और पुलिस भी सक्रिय हुई और पंपों पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देने लगी।
इंदौर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से हड़कंप, पंपों पर लगी लंबी कतारें। pic.twitter.com/XCSOd5ZFJH
— NaiDunia (@Nai_Dunia) March 24, 2026
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि जिले के सभी पंपों पर पेट्रोल डीजल पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही झूठी अफवाहों पर लोग ध्यान न दें। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और आवश्यक आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
इंदौर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने अपील करते हुए इंदौर के नागरिकों से अपील की। अफवाहों पर ध्यान न दे, इंदौर जिले में पर्याप्त पेट्रोल का स्टॉक है। किसी भी तरह की अफवाहों में न आये और पैनिक न हो। सोशल मीडिया पे अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।#JansamparkMP #indore pic.twitter.com/rLUYcWgR1U
— Collector Indore (@IndoreCollector) March 24, 2026
जिले के सभी डिपो में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टाक मौजूद है, जहां से लगातार पंपों पर सप्लाई हो रहा है। ईंधन आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है। आमजन कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराहट में ईंधन संग्रह न करें। सभी पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिलता रहेगा, कही भी कमी नहीं है।- शिवम वर्मा, कलेक्टर
प्रदेश के कई शहरों में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबर फैलते ही पेट्रोल पंपों में गाड़ियों की कतार लग गई। बालाघाट में इसका असर मंगलवार रात 11 बजे के बाद दिखाई दिया, जब अचानक पेट्रोल पंपों में लोग पेट्रोल-डीजल भराने गाड़ियां लेकर पहुंचे। पंपों में एकाएक भीड़ लगने से हड़कंप मच गया। नौबत ऐसी आ गई कि पेट्रोल पंपों में पुलिस की टीम तैनात करनी पड़ी। प्रशासन ने इस स्थिति के लिए गलत और भ्रामक खबर को बताया है।

जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने लोगों को परेशान कर दिया और कई लोग घर से पेट्रोल-डीजल भराने गाड़ी लेकर पंप पहुंच गए। कई लोग केन और बोतल में पेट्रोल लेते दिखे। पेट्रोल पंप में जुटती भीड़ की खबर लगते ही कलेक्टर मृणाल मीना ने वीडियो जारी कर लोगों को पैनिक होने से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। वीडियो में कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल और घरेलू एलपीजी उपलब्ध है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर निगरानी रखे हुए है। इसके लिए बकायदा कंट्रोल रूम बनाया गया है। कलेक्टर का वीडियो जारी होने के कुछ देर बाद ही पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने भी वीडियो जारी कर लोगों को न घबराने की सलाह देते हुए बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थ होने की जानकारी दी।