
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दिगंबर जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां चुराने वाले तीन आरोपियों को एरोड्रम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने मूर्तियों का बंटवारा कर उन्हें अपने-अपने घर के पीछे गाड़ कर रखा था। मामले में चार आरोपी पूर्व में ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। भागने के दौरान आरोपियों का एक-एक पैर टूट गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि मूर्तियों का बंटवारा करने के बाद आरोपी तेलंगाना, हैदराबाद, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पश्चिम बंगाल में फरारी काटते रहे।
रविवार को पुलिस ने एक संदिग्ध की लोकेशन निकाली तो वह आंध्र प्रदेश से आ रही एक ट्रेन की मिली। इसी दौरान ट्रेन महाराष्ट्र सीमा में प्रवेश कर चुकी थी। पुलिस टीम ने पहले रेल अफसरों से चर्चा की और फिर ट्रेन का स्टॉपेज बढ़ाया। पुलिसकर्मी भी ट्रेन में टीटीई (TTE) बनकर चढ़े और लोकेशन के अनुसार तीनों आरोपियों को सामान्य कोच से पकड़ लिया।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, इंदौर के ग्रेटर बाबा मंदिर परिसर स्थित श्री दिगंबर जैन नवग्रह जिनालय में चोरी हुई थी। चोर पीतल और अष्टधातु की मूर्तियां, चांदी के बर्तन और अन्य सामान चुरा कर ले गए थे। पुलिस ने मामले में ललित चौहान (खरगोन), विशाल केवट (महेश्वर), ओमप्रकाश चौहान (जगतपुरा) और गीताबाई निवासी मोरोद माचल को पकड़ा था, लेकिन मुख्य आरोपी लखन मकवाना साथियों को लेकर फरार हो गया था।
सोमवार को जोन-1 की विशेष टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी और लोकेशन ट्रेस होते ही सोमवार को पुलिस ने लखन निवासी मोरोद माचल सहित दीपक निवासी काटकूट फाटा और रामबाबू यादव निवासी मोरोद मरीमाता टेकरी तेजाजी नगर को पकड़ लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मूर्तियां घर के पीछे गाड़ दी थीं। सोमवार को पुलिस ने खुदाई की और अष्टधातु की मूर्ति, थाली, चांदी की मूर्ति, पांडुशिला, कलश, कटोरा, थाली, पाइप सहित अन्य सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पोकलेन और ट्रक चलाते थे। बांगड़दा क्षेत्र में मजदूरी करने के दौरान मंदिर की रेकी की और रात में सब्बल लेकर घुस गए। चोरों ने मंदिर से मूर्तियां चुराईं, लेकिन दूसरे दिन पुलिस उन तक पहुंच गई और आरोपियों को भागना पड़ा।
सोमवार को पुलिस ने चंदननगर क्षेत्र में घेराबंदी की तो आरोपी सुपर कॉरिडोर की तरफ भागे और बाइक सहित गिरकर घायल हो गए। इस हादसे में तीनों आरोपियों के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।