इंदौर अग्निकांड की पुलिस जांच, दो शव नीचे, दो ऊपर और चार बीच में मिले थे
अग्निकांड में सिमरन और मनोज ने छत पर जाने का प्रयास किया मगर ताला लगा होने से अटक गए, उनका दम घुट गया और दोनों बैठे रह गए। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 10:11:54 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 10:46:34 AM (IST)
ब्रजेश्वरी एनएक्स में मुकेश पुगलिया के जले हुए मकान की विभिन्न एजेंसियां जांच के लिए पहुंची। राजू पवारHighLights
- तिलक नगर पुलिस ने पूरे मकान का नए सिरे से निरीक्षण किया
- मुंबई से आए मनोज के दोस्तों ने गाने गाकर श्रद्धांजलि दी
- बिहार और सिलिगुड़ी से आए विजय के रिश्तेदार रवाना हो गए
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ब्रजेश्वरी एनएक्स में मनोज पुगलिया के मकान में हुए अग्निकांड में तिलक नगर पुलिस ने शुक्रवार को पूरे मकान को नए सिरे से निरीक्षण किया। वीडियोग्राफी की और फायर व एसडीईआरएफ से जानकारी लेकर रिपोर्ट बनाई। टीआइ मनीष लोधा के अनुसार विजय सेठिया और उनकी पत्नी सुमन का शव नीचे फ्लोर पर था। बीच में रुचिका (टीनू) और उसकी बेटी राशि, बेटे तनय व चचेरे भाई कार्तिक का शव था।
कारोबारी मनोज पुगलिया और बहू सिमरन का शव दूसरी मंजिल स्थित चैनल गेट के पास था। सिमरन और मनोज ने छत पर जाने का प्रयास किया मगर ताला लगा होने से अटक गए। उनका दम घुट गया और दोनों बैठे रह गए। टीआई के अनुसार जांच आगे बढ़ रही है।
घटना के वक्त मौके पर पहुंचे पड़ोसी भरत जैन और डॉ. सुनील नागर के कथन दर्ज कर लिए गए हैं। अन्य लोगों से भी घटना के संबंध में बातचीत होगी। पुलिस ने मनोज पुगलिया के घर से डीवीआर जब्त कर लिया मगर उसमें फुटेज मिलने की संभावना कम है। स्वजन से मोबाइल पर एक्सेस के संबंध में चर्चा की जाएगी।
मनोज के दोस्तों ने गाना गाकर की श्रद्धांजलि
घटना के बाद से ही मनोज के दोस्तों, रिश्तेदारों के आने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को मुंबई से आए दोस्तों ने गाने गाकर श्रद्धांजलि दी। मनोज का परिवार मां विहार कॉलोनी में रुका हुआ है। बिहार और सिलिगुड़ी से आए विजय के रिश्तेदार रवाना हो गए हैं। अस्थियां विसर्जन के बाद शेष कार्यक्रम वहीं करेंगे।
कड़ियां जोड़कर असल वजह बताएंगे विशेषज्ञ
- आग नीचे से शुरू हुई थी : फायर सेफ्टी टीम का यह निष्कर्ष बैटरी में स्पार्किंग की आशंका को सबसे मजबूत बनाता है।
- कार की मेटल बाडी : बाहर से आग लगकर अंदर पहुंचने की आशंका न के बराबर, यानी आग भीतर से लगी।
- खंभे पर महज हल्का ब्लैक स्पाट : बिजली केबल खास नहीं जली, जो केबल जली वह संभवत: वाइफाई की थी, न कि बिजली की।
- खंभे से मकान तक चिंगारी पहुंचना मुश्किल : मकान लोहे की जालियों और कांच से पूरी तरह कवर्ड था।
- चार्जर में लूज कनेक्शन से स्पार्किंग की आशंका : यह भी जांच के दायरे में।
- बाइक में आग फैलने की आशंका : आग की दिशा यह इशारा करती है।
यह भी पढ़ें : ओवर चार्जिंग से बम की तरह फटी थी ईवी कार की बैटरी, डिजिटल डेटा से खुला राज