
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भोले की भक्ति के कई स्वरूप हैं। इसमें से एक शहर से निकलने वाली नॉनस्टॉप सीताराम डाक कावड़ यात्रा है। इसमें कांवड़िये इस बार तमिलनाडु स्थित रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग से 2100 किलोमीटर दौड़ते हुए कांवड़ लेकर इंदौर आएंगे। 2100 किलोमीटर की यह यात्रा 171 घंटों में पूरी होगी। अहिल्या की नगरी में आकर स्कीम नंबर 78 स्थित अरण्यधाम संत आश्रम स्थित राम-रामेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
पूर्वी क्षेत्र के बावड़ी वाले हनुमान मंदिर (अरण्य धाम संत आश्रम) के संस्थापक महामंडलेश्वर रामजी बाबा ने बताया कि वर्ष 2015 से अनवरत दौड़ते हुए सीताराम डाक कावड़ की शुरुआत की गई थी। इसके माध्यम से श्रद्धालु सावन माह में अलग-अलग पवित्र धामों से जल लाकर महादेव का अभिषेक करते आ रहे हैं। इस बार तमिलनाडु के रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग से 15 अगस्त को सुबह 9:00 बजे विशेष पूजा-अर्चना एवं अभिषेक के बाद लगातार दौड़ने वाली इस डाक कावड़ की शुरुआत होगी। इसके लिए अरण्य धाम संत आश्रम से श्रद्धालुओं का काफिला 10 अगस्त को इंदौर से रवाना होगा।
सीताराम भक्त मंडल के कमलेश्वर सिंह सिसोदिया ने बताया कि लगभग 250 से 300 कार्यकर्ता व श्रद्धालु 10 अगस्त को इंदौर से रामेश्वरम के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के खान-पान की व्यवस्था के लिए 25 सदस्यीय रसोइयों (महाराज) का दल भी पूरे समय साथ रहेगा। प्रत्येक कांवड़िया बारी-बारी से 150-200 किलोमीटर दौड़ेगा।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर भोपाल के यात्रियों को बड़ी राहत... रीवा के लिए चलेंगी चार जोड़ी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें