रंगपंचमी पर छतों से दिखेगा इंदौर की गेर का जलवा, जानें कैसे बुक करें टिकट?
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रंगपंचमी पर निकलने वाली रंगारंग गेर को शीतलामाता बाजार से गौराकुंड व खजूरी मार्केट के प्रतिष्ठानों की छत पर बैठकर शहरवासी ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 03 Mar 2026 09:41:13 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Mar 2026 03:12:18 AM (IST)
रंगपंचमी पर छतों पर बैठ रंगारंग गेर का लुत्फ ले सकेंगे शहरवासी।HighLights
- रंगपंचमी पर छतों पर बैठ रंगारंग गेर का लुत्फ ले सकेंगे शहरवासी।
- देश-विदेश के मेहमानों के लिए स्मार्ट सिटी की खास तैयारी।
- राजवाड़ा और सराफा के बीच छतों से देख सकेंगे रंगों का उत्सव।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रंगपंचमी पर निकलने वाली रंगारंग गेर को शीतलामाता बाजार से गौराकुंड व खजूरी मार्केट के प्रतिष्ठानों की छत पर बैठकर शहरवासी निहार सकेंगे।
गौरतलब है कि इंदौर की गेर को देखने के लिए हर वर्ष देश व विदेश के लोग भी आते हैं। ऐसे में पारंपरिक गेर को निहारने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है।
बुक माय शो से सीट बुक करने की मिलेगी सुविधा
गेर मार्ग की आठ छतों पर करीब 150 से 200 दर्शकों को बैठने की व्यवस्था की जाएगी। बुक माय शो के माध्यम से इसके लिए टिकट भी बुक किए जा सकेंगे। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ अर्थ जैन के मुताबिक इस संबंध में बुक माय शो कंपनी से बात की जा रही है।
पिछले वर्ष की तय दरों पर ही दर्शकों को गेर मार्ग की छत पर बैठकर गेर को निहारने का मौका मिल सकेगा। गौरतलब है कि इंदौर में रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर के दौरान लाखों लोग इसमें शामिल होने के लिए पहुंचते हैं।
गेर मार्ग से हटाई उलझी केबल व वायर
गेर मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने गेर मार्ग पर उलझी केबल व वायर को हटाने की कार्रवाई की। मंगलवार को विजय चाट हाउस चौराहा से सराफा थाना के बीच व मार्ग के अन्य हिस्सों से केबल हटाई गई।
असुरक्षित ढांचों को हटाने के निर्देश
निगमायुक्त ने अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे गेर मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बाधक सामग्री अथवा असुरक्षित ढांचे को तत्काल चिन्हित कर हटाए। इसके अलावा भविष्य में पुनः अव्यवस्थित केबल न लगें, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी रखी जाए।