पेटीएम मनी ग्रुप के नाम पर निवेश का झांसा, इंदौर में रिटायर्ड इंजीनियर से 1.31 करोड़ की ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ठगी
इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड इंजीनियर से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.31 करोड़ रुपये की ठगी हुई। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 02:07:48 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 02:07:48 AM (IST)
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर रिटायर्ड इंजीनियर से 1.31 करोड़ की ठगी (AI Generated Image)HighLights
- फेसबुक लिंक से व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा
- 12 बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई रकम
- पोर्टफोलियो वैल्यू 1.85 करोड़ दिखाई गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक रिटायर्ड इंजीनियर से 1.31 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी के अनुसार, अगस्त 2025 में वह फेसबुक चला रहे थे, तभी उन्हें “पेटीएम मनी लिमिटेड ग्रुप” के नाम से शेयर ट्रेडिंग का विज्ञापन लिंक दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया।
निवेश का झांसा, करोड़ों का दावा
ग्रुप की एडमिन यशस्वीनी जिंदल नाम की महिला ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह दी। उसके कहने पर उन्होंने एक लाख रुपये से शुरुआत की। सितंबर 2025 तक उन्होंने कुल 11.20 लाख रुपये जमा कर दिए।
आरोप है कि ट्रेडिंग पोर्टफोलियो की वैल्यू पेटीएम प्लेटफॉर्म पर करीब 1.85 करोड़ रुपये दिखाई गई। जब उन्होंने रकम निकालने की बात कही तो ग्रुप एडमिन ने मना कर दिया।
12 खातों में ट्रांसफर करवाई रकम
शिकायत के मुताबिक, पेटीएम मनी सिक्यूरिटी को एसईबीआइ सर्टिफिकेट पर दर्ज बताकर विभिन्न बैंक खातों में शुरुआती निवेश, कमीशन, टैक्स और सिक्योरिटी एडवांस के नाम पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाए गए। इस दौरान लगातार यह आश्वासन दिया जाता रहा कि पोर्टफोलियो की राशि उनके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
बाद में जब उनकी पूरी धनराशि समाप्त हो गई तो आरोपित ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।