इंदौर में आईटी पार्क के पास तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने सड़क पर मचाया कोहराम, गाड़ियों को मारी टक्कर; कई घायल
इंदौर शहर के खंडवा नाका इलाके में आईटी पार्क के करीब एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 02 Feb 2026 01:47:53 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Feb 2026 02:41:39 PM (IST)
लोडिंग वाहन ने कई वाहनों को मारी टक्कर, हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम।HighLights
- लोडिंग गाड़ी की टक्कर से वाहन हो गए क्षतिग्रस्त
- लोगों ने कहा- ड्राइवर नेश में गाड़ी दौड़ा रहा था
- ड्राइवर ने पुलिस से कहा- ब्रेक फेल हो गया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर के खंडवा नाका इलाके में आईटी पार्क के करीब एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने आरोपी लोडिंग ड्राइवर को पकड़ लिया है। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जहां यह हादसा हुआ वहां के लोगों के मुताबिक लोडिंग वाहन का ड्राइवर शराब के नशे में था। उसने बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। इससे उस पर सवाल लोग घायल हो गए और वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद लोगों ने ड्राइवर को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई थी। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और आरोपी ड्राइवर को पुलिस पकड़कर थाने ले गई।
इलाके में मचा हड़कंप
लोगों का कहना है कि लोडिंग वाहन का ड्राइवर जिस तरह से गाड़ी दौड़ा रहा था उससे यह साफ समझ आ गया था कि वो नशे की हालत में है। एक के बाद एक वो कई गाड़ियों को टक्कर मारता गया और लोग घायल होकर नीचे गिरते गए। इस दौरान आस-पास मौजूद लोग दौड़े और घायलों को सड़क से उठाकर पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
उधर ड्राइवर बार-बार पुलिस को यही कहता रहा कि गाड़ी का ब्रेक फेल हो जाने की वजह से वह उस पर से अपना कंट्रोल खो बैठा था। इसी वजह से यह हादस हुआ। पुलिस अब गाड़ी की जांच कराकर यह पता लगाएगी कि क्या सच में लोडिंग वाहन का ब्रेक फेल होने की वजह से यह घटना हुई। ड्राइवर की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।