इंदौर के कारोबारी संजय जैन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी धमकी, मांगी 15 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी
इंदौर के पॉश इलाके तुकोगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जान से मारने की धमकी दी ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 20 Mar 2026 05:01:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Mar 2026 05:01:27 PM (IST)
बिल्डर को दो बार फोन कर धमकाया। (फाइल फोटो)HighLights
- बिश्नोई गैंग का 'रंगदारी' वाला खेल
- बिल्डर को दो बार फोन कर धमकाया
- बिल्डर जान से मारने की भी दी धमकी
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के कान्ट्रेक्टर संजय जैन को कुख्यात अपराधी लारेंस विश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली है। गैंगस्टर के शार्ट शूटर हैरी बाक्सर ने काल कर संजय से 15 करोड़ रुपये की मांग की है। काल यूएस के नंबरों से लगाए गए हैं। तुकोगंज पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर सुरक्षा मुहैया करवाई है। एक माह पूर्व भी हैरी बाक्सर ने मेवाड़ा अस्पताल (किशनगंज) के संचालक को भी 5 करोड़ के लिए धमकाया था।
वॉट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए फिरौती
डीसीपी जोन-3 राजेश व्यास के अनुसार साउथ तुकोगंज निवासी 52 वर्षीय संजय पुत्र नंदलाल जैन सिविल इंजीनियर भी हैं और मकान भी बनाते हैं। 16 मार्च को सुबह 8:29 बजे वाट्सऐप पर पहला काल आया था। कालर ने संजय से कहा- मेरा नाम हैरी बाक्सर है। मैं लारेंस विश्नोई गैंग का सदस्य हूं। इंटरनेट पर मेरी जानकारी ले लेना। वाट्सऐप पर एचबी भी लिखा हुआ था। संजय ने बगैर जवाब दिए फोन कट कर दिया। 8:34 बजे दूसरे नंबर से वाइस मैसेज आया और कहा कि वीडियो काल कर चेक कर लेना। इस नंबर की डीपी पर महाकाल भगवान की तस्वीर लगी थी।
धमकी भरा लहजा
संजय जैन फोन काटने और भागने से पीछा नहीं छूटेगा। पहले दस करोड़ मांग रहा था। अब पंद्रह करोड़ हो गए हैं। जितनी देर करेगा, जितना रिप्लाई नहीं करेगा उतना ही रुपया बढ़ता जाएगा। या तो रुपया देगा या जान देगा। जिसके पास जाना है जा। मुझे तेरे परिवार वालों (संजय जैन, निलेश जैन, नंदलाल जैन, सुनंदा जैन) की जानकारी है। कौन सी गाड़ी से आता है और कौन सी गाड़ी से जाता है। कितना जीएसटी भरता है, इसका मुझे पता है। यूट्यूब पर मेरे बारे में वेरिफाय कर लेना। पुलिसवालों से थाने जाकर मेरे बारे में पूछ लेना।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में तराना रोड स्टेशन के पास बड़ा हादसा, रेलवे ब्रिज की मरम्मत के दौरान गार्डर सहित क्रेन नदी में गिरी, रेल यातायात प्रभावित
पुलिस की कार्रवाई और साइबर जांच
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार कान्ट्रेक्टर की शिकायत पर तुकोगंज थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर एक्सपर्ट की सहायता से मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। हैरी बाक्सर के नाम से पूर्व में भी धमकी की घटनाएं सामने आई थीं। उन घटनाओं से भी नंबर और आवाज का मिलान किया जा रहा है।