
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर अमानक स्तर पर खाद्य सामग्री बनाने वाली दो बड़ी इकाइयों को बंद करवा दिया। इस दौरान भारी मात्रा में दूषित सामग्री जब्त की गई और उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य विभाग की टीम ने चंदन नगर धार रोड स्थित 'न्यू मिलन बेकरी' पर दबिश दी, जहां स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। जांच के दौरान बेकरी के भीतर भारी गंदगी मिली; परिसर की दीवारें और फर्श पूरी तरह गंदे थे। निर्माण में उपयोग होने वाला कच्चा माल (रॉ मटेरियल) सीधे फर्श के संपर्क में रखा हुआ था। इतना ही नहीं, वहां काम कर रहे कर्मचारी बिना कैप और एप्रन के पाए गए, जो स्वच्छता नियमों का खुला उल्लंघन है।
मौके पर मौजूद संचालक अजहर खान की उपस्थिति में टीम ने टोस्ट और पाउडर के नमूने लिए। प्रशासन ने 210 किलोग्राम टोस्ट जब्त करते हुए बेकरी का संचालन सुधार होने तक तुरंत प्रभाव से बंद करवा दिया है। इसके साथ ही, सिरपुर धार रोड पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए मसालों का स्पॉट परीक्षण भी किया गया।
कार्रवाई का दूसरा बड़ा मामला तिलक पथ स्थित 'सेठ प्रोडक्ट' में सामने आया। यहाँ प्रोपराइटर सोनाली सेठ की मौजूदगी में पान चटनी का निर्माण किया जा रहा था, जबकि उनके पास इसका वैध लाइसेंस तक नहीं था। जांच में पाया गया कि चटनी को आकर्षक बनाने के लिए उसमें कृत्रिम रंग (कलर) मिलाया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फिर 'भागीरथपुरा' जैसी आहट! न्यू पलासिया में 6 महीने से नलों में आ रहा बदबूदार पानी, जनता में भारी आक्रोश
निरीक्षण के दौरान एक अज्ञात सफेद पाउडर भी बरामद हुआ, जिसे चटनी में मिलाया जा रहा था। साथ ही, निर्माण प्रक्रिया में बोरिंग के पानी का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने यहां से पान चटनी, अज्ञात पाउडर, चॉकलेट फ्लेवर और शक्कर बुरा के नमूने लिए हैं। प्रशासन ने 83,160 रुपये मूल्य की 198 बॉक्स पान चटनी जब्त कर ली है और लाइसेंस न होने के कारण फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जब्त किए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक ये इकाइयां मानकों को पूरा नहीं करतीं, इन्हें दोबारा संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।