
विनय यादव, नईदुनिया, इंदौर। इंदौर शहर में एक माह में नहाने के दौरान दो युवकों की अचानक मौत हो गई है। दोनों की आयु 20 वर्ष थी और कोई गंभीर बीमारी भी नहीं थी। प्रारंभिक तौर पर स्वजन इसे हार्ट अटैक मान रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कराए पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच में पता चला कि दोनों युवकों की मौत गैस गीजर से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण हुई।
दोनों ही मामलों में युवक अपने-अपने घरों में बंद बाथरूम में गैस गीजर चालू कर नहा रहे थे। इनमें से एक युवक दोस्त तो दूसरा परिवार के साथ रहता था। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में पोस्टमार्टम किया गया।
विभाग के प्रमुख डॉ. बीके सिंह और सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित पी. जैन शव का परीक्षण किया, जिसमें मौत का कारण गैस गीजर से निकलने वाली जहरीली कार्बन मोनो आक्साइड गैस थी। विशेषज्ञों के मुताबिक जब बंद जगह में गैस गीजर चलाया जाता है और वहां हवा की उचित निकासी नहीं होती है और वहां ऑक्सीजन की कमी हो जाती है।
ऐसी स्थिति में जहरीली गैस बनने लगती हैं। यह गैस बेहद खतरनाक होती है। इसमें व्यक्ति को न सांस फूलने का अहसास होता है और न ही किसी तरह की चेतावनी मिलती है। वह कुछ ही मिनटों में बेहोश हो सकता है और अगर समय पर मदद न मिले, तो उसकी मौत भी हो सकती है।
विशेषज्ञों ने बताया कि जब कार्बन मोनो आक्साइड गैस के कारण मौत होती है तो शव पर पिंक हाइपोस्टेसिस (धब्बा) दिखाई देता है, जबकि आमतौर पर यह बैंगनी व अन्य रंग का होता है। इसके साथ ही बाडी आर्गन का रंग भी गुलाबी हो जाता है।
जानकारी अनुसार दोनों युवक काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं आए। इस पर स्वजन को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर स्वजन घबरा गए। युवक बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव परीक्षण करने वाले विशेषज्ञों ने बताया कि कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस की बदबू भी नहीं होती है। जब इसे इन्हेल भी करते हैं तो कोई लक्षण नहीं दिखते हैं। इसलिए बंद बाथरूम में नहाते समय गैस गीजर का उपयोग करते हैं तो वहां वेंटिलेशन होना चाहिए। इससे पहले भी इस प्रकार की घटनाएं इंदौर में हो चुकी हैं। छह माह पूर्व एक 24 वर्षीय युवती की मौत भी गैस गीजर से निकलने वाली जहरीली गैस से हुई थी।