
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर शहर में वाहनों पर वीआईपी और पसंदीदा नंबर लगवाने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। इस बार के ऑक्शन में दो वीआईपी नंबर 0001 और 9999 बिना बिके ही रह गए। कारण सिस्टम में ऑनलाइन बोली लगाने का ऑप्शन ही नजर नहीं आ रहा था।
कई दावेदार इन दोनों नंबरों को लेने के लिए तैयार थे, लेकिन सिस्टम में गड़बड़ी की वजह से यह बिना दावेदार के रह गए। इसको लेकर कुछ लोगों ने परिवहन विभाग में भी शिकायत की थी, लेकिन चार दिन बाद भी ऑनलाइन सिस्टम में परेशानी वैसी ही बनी रही।
इंदौर में वीआईपी व्हीकल नंबर की बोली में ये दोनों नंबर एमपी 09 बीटी सीरीज के बताए जा रहे हैं। जब गुरुवार बिड की प्रोसेस पूरी हुई तो दोनों नंबर बिना बोली के रह गए।
इंदौर आरटीओ के अधिकारियों के मुताबिक दोनों नंबरों के नहीं बिक पाने का मामला सामने आया है। तकनीकी टीम को इसकी जानकारी देकर गड़बड़ी को सुधारने के लिए कहा गया है। जल्द ही दोनों नंबर ऑक्शन में उपलब्ध हो सकते हैं।
इंदौर में गणेश उत्सव, नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में लोग वाहन खरीदते हैं। ऐसे में त्योहार नजदीक आते ही एक बार फिर गाड़ियों पर वीआईपी नंबर लगाने के शौकीनों के लिए इनकी डिमांड बढ़ रही है।
वाहन नंबरों की नई सीरीज में कई वीआईपी नंबर होने के बावजूद 35 कम ही नंबरों पर बोली लगाई गई। जानकारी के मुताबिक एक बार नंबरों की नीलामी में 150 से अधिक नंबर बिक जाते हैं। लेकिन इस बार इतने कम नंबरों की बिक्री का मामला पहली बार सामने आया है।
यह भी पढ़ें- गाड़ियों के लिए ढाई लाख वीआईपी नंबर, लेकिन नहीं मिल रहे खरीददार