
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तमाम दावों और आश्वासन के बाद भी शहर में जलसंकट खत्म नहीं हो रहा है। बुधवार शाम से लेकर गुरुवार दोपहर तक शहर की सड़कों से लेकर पार्षदों के दफ्तर तक में जल संकट पर हंगामा होता नजर आया। पहले बुधवार शाम वार्ड 70 की रहवासी महिलाओं ने पार्षद भरत रघुवंशी को उन्हीं के दफ्तर में घुसकर घेर लिया। पार्षद वीडियो बनाने से रोकते दिखे। पानी नहीं मिलने से परेशान और गुस्साई महिलाएं पार्षद के दफ्तर में ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान रहवासी सवाल पूछते दिखे कि आपने किया ही क्या है? पार्षद वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश करते नजर आए।
गुरुवार सुबह पानी नहीं मिलने से परेशान लोगों ने रिंग रोड रोबोट चौराहे के पास चक्काजाम कर दिया। थोड़ी देर बाद नेहरू नगर में भी पानी के लिए परेशान लोग सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। रिंग रोड पर सड़क पर प्रदर्शन करते रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर रहवासियों के बैठने से ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पुलिस पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल कराते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
तीन महीने से परेशान प्रदर्शन कर रहे रहवासियों ने कहा कि तीन महीने से पानी की भारी किल्लत का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में नर्मदा की पाइपलाइन तो बिछी है, लेकिन उसमें बमुश्किल आधा घंटा ही पानी की सप्लाई होती है। इस आधे घंटे में भी शुरुआती 10 मिनट तक इतना गंदा और बदबूदार पानी आता है कि उसका इस्तेमाल पीने के लिए करना तो दूर, अन्य कामों के लिए भी नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने हाल ही में भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों का हवाला देते हुए कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी नगर निगम प्रशासन सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र के पार्षद को रोजाना इस समस्या से अवगत कराया जाता है, लेकिन न तो टैंकरों की कोई व्यवस्था की जा रही है और न ही पानी की सप्लाई में सुधार हो रहा है। थक-हारकर आज लोगों को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
दोनों क्षेत्र पांच नंबर में इस बीच नेहरू नगर में अटल द्वार के पास भी पानी को लेकर हंगामा हुआ। हैरानी की बात है कि रिंग रोड वाला क्षेत्र तो विधानसभा क्षेत्र पांच में आता है। नेहरू नगर का एक हिस्सा भी पांच नंबर में ही आता है। बीते दिनों क्षेत्रीय विधायक ने जल संकट को लेकर अपनी ही परिषद के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि बुधवार को वे स्थिति सुधरने का दावा कर रहे थे। अब इस पूरे मामले पर क्षेत्र के विधायक महेंद्र हार्डिया ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की भारी कमी की जानकारी उन्हें मिली है। इस संबंध में इंदौर महापौर और नगर निगम कमिश्नर से चर्चा कर पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
विधायक हार्डिया के अनुसार, इस बार जमीनी जलस्तर अत्यधिक नीचे जाने और बोरिंग सूखने के कारण हालात ज्यादा बिगड़ गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की तत्काल व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही आम जनता को इस परेशानी से राहत दिलाई जाएगी।