'आम' ने लगाया 'जाम': ट्रक पलटने से हाईवे पर लगी वाहनों की कतार, एम्बुलेंस से लेकर बाराती तक बेहाल
पुलिस के मुताबिक ट्रक में आम की पेटियां भरी थीं, जो हैदराबाद से भोपाल ले जाई जा रही थीं। रास्ते में अचानक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 10 May 2026 03:44:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 10 May 2026 03:47:21 PM (IST)
राष्ट्रीय राजमार्ग 46 फोरलेन पर आम से भरा ट्रक पलटने से पांच घंटे जाम लगा रहा। नईदुनिया।HighLights
- आम से भरा ट्रक पलटने से NH-46 पर लगा लंबा जाम
- पांच घंटे तक हाईवे पर थमी रही वाहनों की रफ्तार
- एंबुलेंस, बसें और बारातें भी जाम में फंसी रहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। शनिवार की सुबह NH-46 पर 'आम' बात नहीं रही। हैदराबाद से भोपाल की ओर 'फलों के राजा' को ले जा रहा एक ट्रक धनबाद तिराहे पर ऐसा पलटा कि पूरे फोरलेन की रफ्तार ही 'जाम' हो गई। देखते ही देखते सड़क पर आम की पेटियां बिखर गईं और फिर शुरू हुआ मुसाफिरों की अग्निपरीक्षा का दौर।
शादियों का सीजन और भीषण गर्मी का डबल अटैक
हाईवे पर ट्रक बीच सड़क पलटा था, जिसके चलते इटारसी से बैतूल तक वाहनों की मीलों लंबी कतार लग गई। शादी-ब्याह के सीजन के कारण बसों और टैक्सियों में सवार बाराती गर्मी से बेहाल हो गए। आलम यह था कि लोग चाय-पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन जाम टस से मस नहीं हुआ।
क्रेन बुलाई, पर 'जल्दबाजी' ने काम बढ़ाया
केसला थाना प्रभारी मदन पवार और उनकी टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। क्रेन बुलाकर ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया, लेकिन जैसे ही 'वन-वे' रास्ता खुला, वाहन चालकों की जल्दबाजी ने एक बार फिर जाम लगा दिया।
यह भी पढ़ें- MP को नितिन गडकरी की सौगात, NH 46 इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किमी लंबा टाइगर कॉरिडोर होगा फोर लेन
एंबुलेंस भी फंसी
इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम के भंवर में फंसी रहीं। दोपहर ढाई बजे के बाद ही पुलिस यातायात को पूरी तरह बहाल कर पाई।